केरल चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका, प्रदेश उपाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा
तिरुवनंतपुरम: केरल में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष और पार्टी की वरिष्ठ महिला नेता केसी रोजाकुट्टी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। केरल में 6 अप्रैल को वोटिंग होनी है, लेकिन पार्टी के अंदर की फूट अब जगजाहिर हो रही है। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी चाको ने पार्टी से इस्तीफा दिया था। वो पार्टी की गुटबाजी से नाराज चल रहे थे।

इस्तीफे के पीछे का कारणों का खुलासा करते हुए केसी रोजाकुट्टी ने बताया कि वो पार्टी में लगातार चल रही गुटबाजी से परेशान थीं, जिसके बाद ही उन्होंने कांग्रेस को छोड़ने का विचार किया है। हालांकि ऐसा करने पहले उन्होंने कई बार चर्चा की, जिसके बाद यह कदम उठाया। रोजाकुट्टी प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष और पूर्व विधायक भी रहीं हैं। साल 1991-1996 तक उन्होंने वायनाड की सुल्तान बथेरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
Recommended Video
इससे पहले 10 मार्च को वरिष्ठ नेता पीसी चाको ने पार्टी से इस्तीफा दिया था। इसके अलावा राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र वायनाड से चार बड़े नेता भी पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। कांग्रेस का साथ छोड़ने वाले सभी नेताओं ने पार्टी में गुटबाजी हावी होने की बात दोहराई है। ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि अगर पार्टी के पुराने और वरिष्ठ नेता ही कांग्रेस को चुनाव के बीच मझदार में छोड़ देंगे तो फिर जीत का दम भरने वाली कांग्रेस की चुनावी नैय्या कौन पार लगाएगा।
आपको बता दें कि केरल विधानसभा के लिए 6 अप्रैल को वोटिंग होगी। इसके बाद 2 मई को नतीजे आएंगे। यहां विधानसभा की 140 सीटें हैं, जिसमें बहुमत के लिए 71 सीटों की जरूरत होती है।












Click it and Unblock the Notifications