कश्मीर के वायरल वीडियो के जवाब में उमर अब्दुल्ला ने डाला एक वीडियो
कश्मीर की समस्या का समाधान कब होगा इस बारे में किसी को नहीं पता लेकिन वायरल वीडियो और तमाम विवादित बयानों का दौर जारी है। कुछ ऐसा ही अब राज्य के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने किया है।
श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दो ट्वीट किए हैं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर काफी हंगामा मचा हुआ है।
दरअसल, उमर ने दो ट्वीट किए हैं, जिसमें एक ही शख्स की दो तस्वीरें हैं। उमर ने एक वीडियो भी ट्वीट किया है। तस्वीर के बारे में उमर का दावा है कि युवक जिस गाड़ी के अगले हिस्से में बांधा गया है वो भारतीय सेना की है।

उमर ने लिखा है...
उमर ने लिखा है कि यह नौजवान सेना की जीप के आगे बांधा गया है ताकि जीप पर कोई पत्थर ना फेंका जा सके? यह चौंकाने वाला है। इतना ही नहीं इसके बाद उमर ने एक वीडियो भी ट्वीट किया है।

वीडियो भी किया है ट्वीट
वीडियो इसी युवक का है जिसे गाड़ी के अगले हिस्से में बांधा गया है। वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि 'ऐसा हाल होगा। पत्थरबाजों का ये हाल होगा।' इस ट्वीट पर उमर ने लिखा है 'इसका एक वीडियो भी है। एक चेतावनी सुनी जा सकती है कि पत्थरबाजों का यह हाल होगा। जरूरत है कि इसकी तुरंत जांच हो।'

उमर के पिता फारुख ने कहा...
इससे पहले कश्मीर में पत्थरबाजों को लेकर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और उमर के पिता फारूख अब्दुल्ला ने बड़ा बयान दिया है। फारूख अब्दुल्ला ने कहा है कि संभवतः कुछ पत्थरबाजों को सरकार पैसे देती है, जिससे चुनाव में ज्यादा मतदान नहीं हो सके। उन्होंने इसकी जांच की भी मांग की है। उन्होंने इस बयान के जरिए कहीं न कहीं प्रदेश की महबूबा मुफ्ती सरकार पर निशाना साधा है।

हुए थे चुनाव
बता दें कि गुरूवार (13 मार्च) को श्रीनगर में 38 पोलिंग बूथ पर वोटिंग हुई, जिसमें महज 2 फीसदी वोट पड़े। चुनाव में इतने कम वोटिंग प्रतिशत को देखते हुए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला ने प्रदेश की महबूबा मुफ्ती सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में मतदान कम हो इसके लिए संभवतः सरकार कुछ पत्थरबाजों को पैसे देती है।

ये वीडियो भी हुआ था वायरल
वहीं बीते दिनों जब सीआरपीएफ का एक जवान श्रीनगर में एक पोलिंग बूथ से अपनी चुनावी ड्यूटी को पूरी करके लौट रहा था तो उसी समय एक नागरिक ने उसे लात मारी। सीआरपीएफ जवान ने उस दौरान कुछ नहीं कहा। सोशल मीडिया पर इस सीआरपीएफ जवान की तारीफ हो रही है और लोगों का कहना है कि यह देखकर एक देशवासी के तौर पर हमारा सिर शर्म से झुक जाना चाहिए। इसका भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले पर बीएसएफ ने मामला दर्ज करा दिया है।

उमर को मिला ये जवाब
उमर के ट्वीट पर भी लोगों ने तमाम जवाब दिए हैं। शरदुल ने लिखा है कि आप को वो वीडियो भी देखना चाहिए जिसमें लोग हमारी सेना पर पत्थर फेंक रहे हैं। उसी सेना पर जो उन्हें बाढ़ में बचाती है।
प्रीती रमानी ने लिखा है यह सेना की जीप नहीं है। अगर आप अंतर नहीं कर सकते तो आपको राजनीति छोड़ देनी चाहिए।
T7 ने लिखा है एक अच्छा विचार नहीं, नतीजा बहुत खतरनाक हो सकता है। भारतीय सेना को दिमाग के साथ इस मुद्दे को संभालना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications