Wrestlers Row: राजनीतिक व्यक्ति को WFI का अध्यक्ष नहीं होना चाहिए - महावीर सिंह फोगाट
महावीर सिंह फोगाट ने कहा कि 'राजनीतिक व्यक्ति को WFI का अध्यक्ष नहीं होना चाहिए,इस पद के लिए एक अच्छा पहलवान या एथलीट आना चाहिए।'

Mahavir Singh Phogat : भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर देश के स्टार पहलवानों ने यौनशोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में करीब 30 पहलवान बुधवार से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं तो वहीं पहलवानों का एक दल आज खेलसचिव से मिला भी है लेकिन वो मीटिंग के बाद खुश नजर नहीं आए तो वहीं इस मामले में अब पहलवान विनेश फोगाट के चाचा और देश को कई गोल्डन मूवेंट देने वाली बीजेपी नेता और पहलवान बबीता फोगाट के पिता महावीर फोगाट ने बड़ा बयान दिया है।
'राजनीतिक व्यक्ति को WFI का अध्यक्ष नहीं होना चाहिए'
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि' भ्रष्ट इंसान को पद पर नहीं बने रहना का कोई अधिकार नहीं है, इस पद के लिए एक अच्छा पहलवान या एथलीट आना चाहिए, जो कि खेल और पद की गरिमा दोनों के साथ न्याय कर सके , राजनीतिक व्यक्ति को इस पद पर रहने का कोई हक नहीं है, लड़कियां आवाज उठाएं तो भविष्य में ऐसी धमकियां टल सकती हैं, इस चीज पर फैसला जल्द से जल्द लेना चाहिए और ये सुनिश्चित होना चाहिए कि आगे से महिला रेसलरों के साथ ऐसी घटना भविष्य में दोबारा ना हो।'
बृजभूषण सिंह को जेल होनी चाहिए: विनेश फोगाट
इससे पहले खेल सचिव से मिलने के बाद असंतुष्ट विनेश फोगाट ने मीडिया में बयान दिया कि 'उनका धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक कि बृजभूषण शरण सिंह पद नहीं छोड़ देते हैं। बृजभूषण सिंह को जेल होनी चाहिए, हम भी केस दर्ज कराएंगे।' आपको बता दें कि बुधवार को जंतर-मंतर पर धरने पर बैठने के बाद विनेश फोगाट ने आंखों में आंसू भरकर कहा था कि 'लंबे वक्त से महिला पहलवानें बृजभूषण शरण सिंह का अत्याचार सह रही हैं। वो आज से नहीं बल्कि काफी वक्त से लड़कियों का यौन उत्पीड़न करते आ रहे हैं, वो लड़कियों को डराते और धमकाते हैं, इस घृणित काम में उनके साथ कई पुरुष कोच भी शामिल हैं।'
फेडरेशन को बंद किया जाए: बजरंग पुनिया
तो वहीं भारत के स्टार पहलवान और ओलंपियन बजरंग पुनिया ने कहा कि 'हम चाहते हैं कि फेडरेशन को बंद किया जाए क्योंकि फेडरेशन में वे अपने ही लोगों को बिठाएंगे। अगर इसका समाधान जल्दी नहीं निकला तो हम कानून का भी सहारा लेंगे।' आपको बता दें कि विवाद के बीच भारतीय कुश्ती महासंघ की कार्यकारी समिति ने 22 जनवरी को इमरजेंसी बैठक बुलाई है, जिसमें बृजभूषण शरण सिंह के बारे में बड़ा फैसला हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications