BJP में आते ही Leander Paes को मिली X-कैटेगरी सिक्योरिटी! क्या बंगाल फतह करेंगे टेनिस के सुल्तान?
West Bengal Assembly Elections: टेनिस कोर्ट पर 18 ग्रैंड स्लैम जीतकर दुनिया को झुकाने वाले उस्ताद लिएंडर पेस (Leander Paes) अब सियासत के नेट पर अपनी नई पारी के लिए तैयार हैं। तृणमूल का साथ छोड़ भाजपा का दामन थामने वाले पेस को केंद्र ने X-कैटेगरी की सुरक्षा देकर बंगाल चुनाव से पहले बड़े दांव खेला है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि पेस बंगाल के चुनावी दंगल में कैसा परफॉर्मेंस करते हैं।
लिएंडर पेस को मिली X-कैटेगरी की सुरक्षा (West Bengal Assembly Elections)
भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के महज एक हफ्ते के भीतर केंद्र सरकार ने पेस को X-कैटेगरी की सुरक्षा दिया है। अब पेस केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों के सुरक्षा घेरे में रहेंगे। लिएंडर पेस ने 31 मार्च को दिल्ली में विधिवत भाजपा की सदस्यता ली थी। गृह मंत्रालय द्वारा उन्हें X-कैटेगरी की सुरक्षा देने का फैसला बंगाल की मौजूदा राजनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए लिया गया है।

आखिर क्यों दी गई है यह सुरक्षा
X-कैटेगरी के तहत लिएंडर पेस के साथ अब CISF के सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे। अधिकारियों के मुताबिक बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और चुनावी दौरों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। 52 वर्षीय पेस ने भाजपा में शामिल होने को महज औपचारिकता नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी बताया है। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए राष्ट्र सेवा का एक नया अवसर है।
लिएंडर पेस ने लोगों से की खास अपील
लिएंडर पेस का यह कदम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। पेस इससे पहले पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े हुए थे। 2021 के चुनावों में उन्होंने ममता बनर्जी का साथ दिया था। कोलकाता में जन्मे और पले-बढ़े पेस की बंगाल के युवाओं और शहरी मतदाताओं के बीच जबरदस्त अपील है। भाजपा उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में एक स्टार कैंपेनर के तौर पर उतारने की तैयारी में है। उनकी खेल जगत की विरासत पार्टी के लिए वोट खींचने का काम कर सकती है।
दमदार रहा है पेस का करियर
लिएंडर पेस केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि भारतीय खेल जगत के आइकन रहे हैं। पेस ने अपने करियर में कुल 18 ग्रैंड स्लैम खिताब (8 मेंस डबल्स और 10 मिक्स्ड डबल्स) जीते हैं। महेश भूपति के साथ उनकी 'इंडियन एक्सप्रेस' जोड़ी ने पूरी दुनिया में भारत का डंका बजाया था। डेविस कप में भारत के लिए कई ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले पेस अपनी फुर्ती और नेवर गिव अप एटीट्यूड के लिए जाने जाते हैं। अब भाजपा को उम्मीद है कि यही जुझारूपन वे बंगाल के चुनावी दंगल में भी दिखाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications