US Open: नडाल ने जीत के साथ की शुरुआत, पिछले साल की चैंपियन एम्मा रादुकानू बाहर
यूएस ओपन (US Open) के पहले राउंड में दिग्गज टेनिस स्टार राफेल नडाल ने ऑस्ट्रेलिया के रिंकी हिजिकाता को हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।
नई दिल्ली, 31 अगस्त: यूएस ओपन (US Open) के पहले राउंड में दिग्गज टेनिस स्टार राफेल नडाल ने ऑस्ट्रेलिया के रिंकी हिजिकाता को हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। हालांकि, सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले नडाल के लिए ये जीत बिल्कुल भी आसान नहीं रही।

ऑस्ट्रेलियाई रिंकी हिजिकाता ने उन्हें कड़ी टक्कर दी। पहले ही सेट में राफेल नडाल को 4-6 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भी दोनों के बीच घमासान मुकाबला जारी रहा। नडाल ने जबरदस्त वापसी करते हुए अगले तीनों सेट जीते और हिजिकाता को 4-6, 6-2, 6-3, 6-3 से हराया।
न्यूयॉर्क में उनकी ये 65वीं जीत रही। अगले राउंड में स्पेनिश खिलाड़ी का सामना इटली के फाबियो फोगनिनी से होगा। फाबियो ने 2015 के यूएस ओपन में दो सेट हारने के बाद नडाल को धूल चटाई थी।
2019 के बाद पहली बार यूएस ओपन खेल रहे 36 वर्षीय राफेल नडाल ने जीत के बाद कहा, ''मैं यहां आकर बहुत खुश हूं। मैं लंबे समय बाद यहां आया और जीत हासिल करके अच्छा लग रहा है। मुझे लग रहा था कि शायद मैं कभी यहां नहीं आ पाऊंगा।''
चैंपियन एम्मा रादुकानू बाहर
पिछले साल महिला एकल में चैंपियन बनने वाली एम्मा रादुकानू पहले ही राउंड में मिली हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। फ्रांस की एलीजे कॉर्नेट ने उन्हें सीधे सेटों में 3-6, 3-6 से हराया। यह मैच जीतने के बाद एलीजे दुखी नजर आईं। उन्होंने कहा कि उन्हें मैच जीतने की खुशी है, लेकिन रादुकानू को हराने का अफसोस भी है।
अन्य मुकाबलों के परिणाम
- पिछले साल के चैंपियन डेनियल मेदवेदेव ने अमेरिका के स्टीफन कोजलोव को 6-2, 6-4, 6-0 से मात दी। अगले राउंड में डेनियल का सामना फ्रांस के आर्थर रिंडरनेश से होगा।
- एंडी मरे ने अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को कारूनडोलो को 7-5, 6-3, 6-3 से मात दी।
- पूर्व वर्ल्ड चैंपियन सिमोन हालेप भी पहले राउंड में मिली हार के बाद बाहर हो गई है। यूक्रेन की डारिया स्निगर ने 2-6, 6-0, 4-6 से हराया।
- 2020 में यूएस ओपन जीतने वाले डोमिनिक थीम भी बड़े उलटफेर का शिकार हुए। थीम को पाब्लो करेनो बुस्टो ने 5-7, 1-6, 7-5, 3-6 से हराया।












Click it and Unblock the Notifications