मेडल जीतने के बाद अब प्रेमिका के घरवालों से शादी की बात करेंगे विकास ठाकुर, बड़ी दिलचस्प है लव स्टोरी
नई दिल्ली, अगस्त 04। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में हाल ही में वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने 96 किलोग्राम श्रेणी में सिल्वर मेडल जीता है। विकास ठाकुर ने वेटलिफ्टिंग इवेंट में कुल 346 किलोग्राम वजन उठाया था। लुधियाना के रहने वाले विकास ठाकुर के जीवन में इस मेडल की कितनी अहमियत है वो उनसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता। जी हां, सिल्वर मेडल जीतने के बाद विकास ठाकुर को यह उम्मीद है कि अब उनकी प्रेमिका के घरवाले उनकी शादी के लिए तैयार हो जाएंगे।

विकास ठाकुर की लव स्टोरी ने जीत लिया दिल
अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरफोर्स में कार्यरत विकास ठाकुर वैसे तो लुधियाना में रहते हैं, लेकिन मूल रूप से वो हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। विकास जिस लड़की से प्रेम करते हैं वो राजस्थान की रहने वाली है और पेशे से डॉक्टर है, लेकिन दोनों की बिरादरी अलग होने के कारण घरवाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। विकास ने कॉमनवेल्थ गेम्स में आने से पहले शादी के कई प्रयास किए, लेकिन घरवाले राजी नहीं हुए। विकास और उनकी प्रेमिका ने यह भी ठाना है कि वो शादी करेंगे तो घरवालों की मर्जी से ही।
अब लड़की के घरवालों को मनाएंगे विकास
रिपोर्ट के अनुसार, अब जब विकास ठाकुर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में देश का नाम रोशन करते हुए सिल्वर मेडल जीत लिया है तो उन्हें उम्मीद है कि अब लड़की के घरवालों का कठोर दिल पिघल सकता है और वो शादी के लिए मान सकते हैं। विकास ठाकुर का कहना है कि यह मेडल उनका घर बस सकता है, अब जब वो मेडल लेकर भारत वापस जाएंगे तो अपनी प्रेमिका के घरवालों से फिर शादी की बात करेंगे और उन्हें यह उम्मीद है कि लड़की के घरवाले मान जाएंगे।
मेडल के लक्ष्य के साथ ही आए थे विकास ठाकुर
आपको बता दें कि विकास ने CWG 2022 में आने से पहले यह लक्ष्य रखा था कि वो मेडल जीतकर ही लौटेंगे। विकास कहते हैं कि मैंने मेडल जीतने के लिए पूरी जान लगा दी थी, क्योंकि मैं जानता था मेरा मेडल जीतना देश का नाम तो रोशन करेगा ही बल्कि मेरी निजी जिंदगी में भी उसका प्रभाव पड़ेगा। विकास का कहना है कि वो जानते थे कि अगर मेडल नहीं जीते तो वो लड़की के घरवालों के सामने शादी का पक्ष नहीं रख पाएंगे, अब जब मेडल आ गया है तो वो अपनी शादी की बात रखेंगे और उन्हें उम्मीद है कि बात बन भी जाएगी।
विकास ने उठाया था 346 किग्रा. वजन
आपको बता दें कि विकास ठाकुर ने मंगलवार को वेटलिफ्टिंग के इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है। उन्होंने 96 किग्रा श्रेणी में यह मेडल जीता। वो इवेंट के दौरान दूसरे स्थान पर रहे थे। विकास ने कुल 346 किग्रा. का वजन उठाया था। विकास ने स्नैच राउंड में 155 और क्लीन एंड जर्क राउंड में 191 किग्रा भार उठाया। मेडल जीतने के बाद उन्होंने अपनी जीत को अपनी मां को बर्थडे गिफ्ट के रूप में समर्पित किया था। उन्होंने कहा था कि वो ब्रॉन्ज मेडल की उम्मीद लगाकर बैठे थे।












Click it and Unblock the Notifications