मीराबाई चानू ने टोक्यो के बाद सिंगापुर में लहराया तिरंगा, गोल्ड जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स के लिये किया क्वालिफाई
नई दिल्ली। पिछले साल जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित किये गये ओलंपिक खेलों में भारत को पहले ही दिन सिल्वर मेडेल जिताने वाली वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने अब वेटलिफ्टिंग की दुनिया में नया कीर्तिमान हासिल कर लिया है। मीराबाई चानू ने सिंगापुर में जारी अंतर्राष्ट्रीय खेलों में शुक्रवार को गोल्ड मेडेल जीता है, जिसके चलते अब वो बर्मिंघम में खेले जाने वाले 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिये भी क्वालिफाई कर गई हैं। मीराबाई चानू अपनी पिछली कैटेगरी के बजाय सिंगापुर इंटरनेशनल में नयी कैटेगरी 55 किग्रा भारवर्ग में प्रतिस्पर्धा कर रही थी, जहां पर उन्होंने गोल्ड मेडेल जीतकर इसी भारवर्ग की कैटेगरी में कॉमनवेल्थ गेम्स का टिकट हासिल किया है।

मीराबाई चानू ने इस नयी कैटेगरी में कुल 191 किग्रा का वजन उठाया, जिसमें पहली बार में उन्होंने 86 किग्रा और दूसरी बार में 105 किग्रा का क्लीन वेटलिफ्ट कर गोल्ड मेडेल अपने नाम किया। यह पहला मौका है जब मीराबाई चानू ऐतिहासिक ओलंपिक खेलों के बाद किसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा का हिस्सा बनी हैं। मीराबाई चानू ने ओलंपिक खेलों के दौरान 49 किग्रा भारवर्ग की कैटेगरी में हिस्सा लिया था। वह इस कैटेगरी में पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स के लिये क्वालिफाई कर चुकी थी, लेकिन अब 55 किग्रा भारवर्ग के साथ भी क्वालिफाई कर लिया है।
और पढ़ें: IND vs SL: जडेजा की वापसी पर रोहित शर्मा बोले- हम जानते हैं कि हमें उससे क्या करवाना है
उल्लेखनीय है कि मीराबाई चानू को भले ही दोनों कैटेगरी से क्वालिफिकेशन मिल चुका है, लेकिन वो सिर्फ एक ही कैटेगरी से हिस्सा ले सकती हैं, ऐसे में गोल्ड की उम्मीदों को बढ़ाने के लिये मीराबाई चानू 55 किग्रा डिविजन में भाग लेती हुई नजर आ सकती हैं। जहां मीराबाई चानू ने सिंगापुर में जारी अंतर्राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया तो वहीं पर ऑस्ट्रेलिया की जेसिका सिवास्तेंको ने 167 किग्रा (77किग्रा+90किग्रा) का भार उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया।
मलेशिया की एली कसांड्रा ने 165 किग्रा (75 किग्रा+ 90 किग्रा) उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया है। मीराबाई चानू को पिछले साल दिसंबर में आयोजित हुए वर्ल्ड चैम्पियनशिप का भी हिस्सा बनना था लेकिन उन्होंने बेहतर तैयारी के लिये अपना नाम वापस ले लिया था। गौरतलब है कि सिंगापुर में आयोजित यह टूर्नामेंट बर्मिंघम में खेले जाने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिये क्वालिफाइंग इवेंट है, जिसमें हर कैटेगरी में टॉप 8 पर रहने वाले खिलाड़ियों को सीधे कॉमनवेल्थ खेलों के लिये क्वालिफिकेशन मिल जायेगा।
और पढ़ें: श्रेयस अय्यर बोले- मैंने जसप्रीत बुमराह को रिश्वत देने की कोशिश की, फिर भी नहीं माना
आपको बता दें कि मीराबाई चानू के अलावा पुरुष कैटेगरी में रिषिकांत सिंह ने 55 किग्रा भारवर्ग में सिल्वर मेडेल जीता है, इसके साथ ही रिषिकांत सिंह ने भी 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिये क्वालिफाई कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications