IND vs SL: जडेजा की वापसी पर रोहित शर्मा बोले- हम जानते हैं कि हमें उससे क्या करवाना है
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज हो चुका है, जिसमें भारतीय टीम ने 62 रनों की विशाल जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय टीम के लिये इस सीरीज में विराट कोहली, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल और दीपक चाहर जैसे अहम खिलाड़ी नहीं हैं, जिसके बाद माना जा रहा था कि भारतीय टीम की बल्लेबाजी में वो गहरायी नजर नहीं आयेगी, जिसके लिये वो जानी जाती है, हालांकि रोहित शर्मा, ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने जिस तरह से बल्लेबाजी की उसने सभी को हैरान कर दिया।

भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में सिर्फ 2 विकेट खोकर 199 रनों का स्कोर खड़ा किया और जीत के लिये श्रीलंका के सामने 200 रनों का लक्ष्य दिया। इस दौरान लंबे समय बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा को कप्तान रोहित शर्मा ने बल्लेबाजी में प्रमोशन देते हुए चौथे नंबर पर खेलने के लिये भेजा।
और पढ़ें: IND vs SL: लखनऊ टी20 में क्यों नहीं खेले रुतुराज गायकवाड़, रोहित शर्मा ने किया खुलासा

बल्लेबाजी में जडेजा को मिला प्रमोशन
उल्लेखनीय है कि रविंद्र जडेजा ने पिछले कुछ सालों में अपनी बल्लेबाजी में काफी सुधार किया है लेकिन श्रीलंका के खिलाफ इस मैच में उन्हें बहुत कम गेंदे खेलने को मिली और उसमें भी टीम को उनकी बल्लेबाजी सेवाओं की ज्यादा जरूरत नहीं पड़ी। भारतीय टीम के लिये 18वें ओवर में बल्लेबाजी के लिये उतरने के बावजूद रविंद्र जडेजा सिर्फ 4 ही गेंदों का सामना कर पाये। इस दौरान जडेजा तेजी से रन बना रहे श्रेयस अय्यर को ही स्ट्राइक देते हुए नजर आये और एक सपोर्टिंग रोल निभाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचने में मदद की।

रोहित ने बताया ऊपर भेजने का कारण
मैच के बाद जब कप्तान रोहित शर्मा से रविंद्र जडेजा के बल्लेबाजी क्रम में प्रमोशन को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इशारों इशारों में समझाया कि फैन्स को आने वाले समय में यह और ज्यादा देखने को मिल सकता है क्योंकि टीम इस हरफनमौला खिलाड़ी की काबिलियत को बैक करने वाली है।
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में बात करते हुए रोहित ने कहा,'जडेजा की वापसी से काफी खुश हूं, हम उनसे काफी कुछ चाहते हैं, यही वजह है कि हमने उन्हें ऊपर आकर बैटिंग करने के लिये कहा। आप ये आने वाले मैचों में ज्यादा होते हुए देखेंगे। मैं चाहता हूं कि वो ऊपर आकर ज्यादा बल्लेबाजी करें। उनकी बल्लेबाजी में काफी सुधार हुआ है तो हम कोशिश कर रहे हैं कि आगे चलते हुए हम उन्हें ज्यादा से ज्यादा बल्लेबाजी का मौका दें। हम अपनी प्लानिंग में उनको लेकर पूरी तरह से साफ हैं कि हमें उनसे क्या करवाना है और सीमित ओवर क्रिकेट में वो हमारे लिये क्या हासिल कर सकते हैं।'

जडेजा की गेंदबाजी में भी दिखी धार
बल्लेबाजी के दौरान भले ही जडेजा को ज्यादा कमाल दिखाने का मौका नहीं मिला हो लेकिन गेंदबाजी में इस गेंदबाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने 4 ओवर के स्पेल को पूरा किया और 7 की इकॉनमी से 28 रन दिये। इस दौरान जडेजा ने खतरनाक नजर आ रहे दिनेश चंडीमल को अपनी फिरकी में फंसाकर ईशान किशन के हाथों स्टंप कराकर वापस पवेलियन भी भेजा। आपको बता दें कि कानपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले साल खेले गये टेस्ट मैच के बाद यह पहला मौका है जब जडेजा मैदान पर वापसी कर थे और पहले ही मैच में उन्होंने जबरदस्त वापसी की है।












Click it and Unblock the Notifications