"म्हारी छोरी छोरों से कम है के...", पहले Gold के करीब भारत! फाइनल में रेसलर विनेश फोगाट
Paris Olympics 2024 Wrestler Vinesh Phogat: पेरिस ओलंपिक 2024 में महिलाओं की 50 किलोग्राम भारवर्ग में भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने क्यूबा की युस्नेलिस गुजमैन लोपेज के खिलाफ सेमीफाइनल मैच जीत लिया है। विनेश ने लगातार पॉइंट लेकर 5-0 की बढ़त बना ली। मैच खत्म होने पर यही स्कोर रहा और विनेश ने फाइनल में एंट्री मार ली। इस जीत के साथ विनेश फोगाट का मेडल पक्का हो गया है। अब वह गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश करेंगी।
विनेश फोगाट का दमदार प्रदर्शन
विनेश फोगाट ने 2024 पेरिस ओलंपिक में शुरुआत शानदार तरीके से किया। विनेश फोगाट ने सबसे पहले प्री-क्वाटर मैच में साल 2020 टोक्यो ओलंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट और चार बार की वर्ल्ड चैंपियन जापान की यूई सुसाकी को 3-2 से हराया। इसके बाद विनेश फोगाट ने क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की ओक्साना लिवाच को शिकस्त दी। उन्होंने मुकाबला 7-5 से जीत लिया।

कौन हैं विनेश फोगाट
25 अगस्त 1994 को हरियाणा के बलाली गांव में जन्मी विनेश पहलवानों के परिवार से आती हैं। उनके चाचा महावीर सिंह फोगट ने उन्हें कुश्ती का ट्रेनिंग दिया था। इसके बाद विनेश फोगट को समाज से आलोचनाएं भी झेलनी पड़ी थी। इसके बावजूद उन्होंने दृढ़ निश्चय को बरकरार रखा और भारत की टॉप महिला पहलवानों में से एक बन गईं।
पिता की हुई थी हत्या
जब विनेश फोगाट नौ साल की थीं, तब उनके पिता राजपाल फोगट की हत्या कर दी गई थी। इसके बावजूद वह कुश्ती में अपने करियर को लेकर फोकस थी। गांववालों के विरोध के बावजूद विनेश अपने फैसल पर डटी रहीं और भारतीय कुश्ती में कई उपलब्धि हासिल की।
करियर में हासिल की कई बड़ी उपलब्धि
विनेश ने रियो 2016 में महिलाओं की 48 किलोग्राम फ्रीस्टाइल श्रेणी में ओलंपिक में डेब्यू किया था, लेकिन घुटने की चोट के कारण उन्हें हटना पड़ा था। उन्होंने टोक्यो 2020 के लिए भी क्वालीफाई किया, लेकिन क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। विनेश के पास पदकों और रिकॉर्डों की एक प्रभावशाली लिस्ट है। वह राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों दोनों में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान थीं।












Click it and Unblock the Notifications