एशियन पैरा गेम्स चैंपियन नीरज यादव की मौत की गुत्थी उलझी, महिला मित्र के बयान से खलबली
एशियन पैरा गेम्स में तीन स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले नीरज यादव की मौत का मामला उलझता जा रहा है। पुलिस शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है लेकिन परिवार इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहा है। अब घटनास्थल पर नीरज के मिलने की परिस्थिति और उनकी महिला मित्र के बयान को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
परिवार ने नीरज की मौत को लेकर संदेह जताया है। उनके चाचा सुनील यादव का कहना है कि नीरज ने बचपन से ही कई मुश्किलों का सामना किया और अपनी मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। ऐसे में परिवार के लिए यह मानना मुश्किल है कि वह खुद अपनी जिंदगी खत्म करने जैसा कदम उठा सकते थे।

घटनास्थल को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। अगर नीरज ने कार के अंदर जहरीला पदार्थ खाया था, तो वह वाहन के बाहर सड़क पर कैसे मिले? कार के लॉक नहीं होने और शव के वाहन से बाहर मिलने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। हालांकि इन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं।
महिला मित्र के बयान की भी पड़ताल
पुलिस के मुताबिक नीरज को अस्पताल ले जाने वाली महिला ने बताया कि वह दिसंबर 2025 से उनके संपर्क में थी। वह 27 अक्टूबर को सोनीपत में नीरज से मिलने गई थी और उसने आगे संपर्क में नहीं रहने की बात कही थी। इसके बाद नीरज ने उसे अपनी गाड़ी से मौजपुर छोड़ा।
महिला के बयान के अनुसार रात करीब नौ बजे वह मौजपुर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास लौटी, जहां नीरज अपनी गाड़ी के पास सड़क पर बेसुध पड़े मिले। इसके बाद वह उन्हें अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आर्थिक लेनदेन के पहलू की भी जांच
पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि दोनों के बीच किसी तरह का आर्थिक लेनदेन था या नहीं। फिलहाल किसी विवाद या आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने यह भी बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या वीडियो नहीं मिला है।
डोपिंग प्रतिबंध से प्रभावित हुआ था करियर
नीरज पर प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद चार साल का प्रतिबंध लगा था। इसके चलते हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में जीते उनके दो स्वर्ण पदक छिन गए थे और आर्थिक पुरस्कार तथा सरकारी नौकरी की संभावनाओं को भी नुकसान पहुंचा था। भारतीय पैरा एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच एस. सत्यनारायण ने पहले बताया था कि इस मामले के बाद नीरज तनाव में थे।
फिलहाल जाफराबाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत की असली वजह और घटनाक्रम को लेकर अंतिम निर्णय पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के नतीजों के बाद ही सामने आएगा।


Click it and Unblock the Notifications
