Pahalgam Attack: देश के सम्मान पर सवाल बर्दाश्त नहीं,' नीरज ने PAK एथलीट को इनविटेशन देने पर तोड़ी चुप्पी
Pahalgam Terror Attack: भारत के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने आखिरकार इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के जेवलिन थ्रोअर अरशद नदीम को मई 2025 में बेंगलुरु में होने वाले नीरज चोपड़ा क्लासिक इवेंट में आमंत्रित किया था।
पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें इस निमंत्रण को लेकर तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। नीरज ने स्पष्ट किया कि यह निमंत्रण हमले से काफी पहले भेजा गया था और उन्होंने खुद और अपने परिवार पर हो रहे 'घृणा और गाली-गलौज' की निंदा की है।

नीरज चोपड़ा ने आलोचनाओं का दिया जवाब
नीरज चोपड़ा ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा कि, 'मैं आमतौर पर कम बोलने वाला व्यक्ति हूं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं उस पर प्रतिक्रिया नहीं दूंगा जिसे मैं गलत मानता हूं। खासकर तब, जब मेरी देशभक्ति और मेरे परिवार की इज्जत पर सवाल उठाए जाएं।'
आतंकी हमले से पहले भेजा गया निमंत्रण
उन्होंने यह भी बताया कि अरशद नदीम को भेजा गया निमंत्रण एक एथलीट से दूसरे एथलीट के लिए था और इसमें कुछ और नहीं था। नीरज ने यह स्पष्ट किया कि नीरज चोपड़ा क्लासिक का उद्देश्य भारत में सर्वश्रेष्ठ एथलीटों को लाना था और भारत को विश्वस्तरीय खेल आयोजनों का घर बनाना था। उन्होंने कहा कि, 'निमंत्रण पहलगाम में हुए आतंकी हमले से दो दिन पहले भेजे गए थे।'
देश और परिवार के प्रति नीरज की प्रतिबद्धता
नीरज ने यह भी स्पष्ट किया कि हमले के बाद अरशद का इस आयोजन में शामिल होना अब संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि उनका देश और उसकी भलाई हमेशा पहले है और हमले में मारे गए लोगों के प्रति उनकी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हैं।
लोगों की बदलती राय ने किया हैरान
नीरज ने अपने देश का गर्व से प्रतिनिधित्व करते हुए कहा कि उनके खिलाफ की जा रही आलोचना से उन्हें दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि, 'मुझे यह समझना कठिन है कि लोग कैसे अपनी राय बदलते हैं। जब मेरी मां ने एक साल पहले एक इनोसेंट कमेंट किया था, तो उनकी सराहना की गई थी, लेकिन आज वही लोग उन्हें उसी बयान के लिए निशाना बना रहे हैं।' उन्होंने कहा कि वह और ज्यादा मेहनत करेंगे ताकि दुनिया भारत को इज्जत और आदर से देखे।'












Click it and Unblock the Notifications