Commonwealth Games: पहले दिन भारत का शेड्यूल, क्रिकेट और हॉकी में होंगे बड़े मुकाबले
बर्मिंघम, 29 जुलाई: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का आगाज हो चुका है क्योंकि बर्मिंघम में इसकी शानदार ओपनिंग सेरेमनी देखने को मिली जहां भारत के ध्वज वाहक के रूप में बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु और हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह नजर आए। उनके पीछे पूरा भारतीय दल था जो आत्मविश्वास से भरपूर था। टोक्यो ओलंपिक के बाद यह कॉमनवेल्थ गेम्स अगला बड़ा इवेंट है जहां पर भारतीय प्रतिभाओं को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा।

इसके अलावा क्रिकेट की वापसी ने इस खेल को भारतीयों में वैसे ही दिलचस्प बना दिया है। 29 जुलाई से कॉमनवेल्थ गेम्स शुरू हो चुके हैं जहां पर भारतीय टीम को अपने कुछ अहम मुकाबले खेलने होंगे। आइए देखते हैं आज के दिन भारत का कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में कैसा शेड्यूल है।
इस बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता में भारत कुछ हाई प्रोफाइल इवेंट के साथ अपना अभियान शुरू करने जा रहा है जिसमें क्रिकेट और हॉकी शामिल है। भारत का दिन लॉन बॉल्स के साथ शुरू होगा जहां वे न्यूजीलैंड के साथ पुरुष मेंस ट्रिपल्स में दोपहर 1:00 बजे मिलेंगे। इसके बाद महिला क्रिकेट टीम हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में एक्शन में दिखाई देगी क्योंकि वह शाम 4:30 बजे कद्दावर टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला करेगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच का यह मुकाबला काफी टक्कर का होने की उम्मीद है।
भारतीय महिला हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत घाना के खिलाफ भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे करेगी, जबकि भारत की मिक्स बैडमिंटन टीम शाम 6:30 बजे प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी।
भारतीय टेबल टेनिस दल पहले दिन एक्शन में होगा क्योंकि शरथ कमल और मनिका बत्रा जैसे सितारे मैदान पर उतरेंगे। पुरुष टीम भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे बारबाडोस से भिड़ेगी, जबकि महिला टीम सिंगापुर से रात 8:30 बजे भिड़ेगी।
साइकिलिंग में, पुरुष टीम की क्वालिफिकेशन दोपहर 3:25 बजे शुरू होगी जबकि महिला टीम स्प्रिंट क्वालिफिकेशन राउंड शाम 4:12 बजे शुरू होगा। पुरुष टीम का स्प्रिंट क्वालिफिकेशन राउंड शाम 4:46 बजे शुरू होगा।
अगर टीमें क्वालीफाई करती हैं तो फाइनल राउंड भी उसी दिन होंगे। पुरुष टीम का फाइनल रात 9:55 बजे होगा जबकि महिला टीम स्प्रिंट फाइनल रात 10:25 बजे शुरू होगा। पुरुष टीम स्प्रिंट फाइनल रात 10:35 बजे से शुरू होगा।












Click it and Unblock the Notifications