कैंसर में बिगड़ी पेले की स्थिति, किडनी और दिल हुए प्रभावित, घर पर नहीं मनाया जाएगा क्रिसमस
ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले कैंसर के इलाज के लिए क्रिसमस पर भी हॉस्पिटल में ही रहेंगे। पेले के दिल और गुर्दे ने ठीक से काम करना बंद कर दिया है। उनकी बेटी ने बताया कि वे लोग हॉस्पिटल में ही रुकेंगे।

ब्राजील के फुटबॉल दिग्गज पेले के लिए कैंसर की लड़ाई का संघर्ष बढ़ता जा रहा है क्योंकि उनका कैंसर बढ़ गया है और पेले क्रिसमस पर अस्पताल में रहेंगे। उनके गुर्दे और दिल ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। इन दोनों अहम अंगों की देखभाल के लिए वह हॉस्पिटल में मौजूद रहेंगे।
पेले की उम्र 82 साल और उन्हें सर्वाकालिक महानतम फुटबॉलरों में से एक माना जाता है। पेले को कैंसर ट्रीटमेंट के लिए रिव्यू के लिए और सांस में इंफेक्शन के लिए नवंबर से अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका फीफा वर्ल्ड कप 2022 अस्पताल में ही कटा है।
पेले की बेटी केली नेसिमेंटो ने इंस्टाग्राम पर लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, "घर पर हमारा क्रिसमस सस्पेंड कर दिया गया है। हमने डॉक्टरों के साथ यहीं पर रुकने का फैसला किया है। आइंस्टीन में इस नए परिवार ने हमारी बहुत देखभाल की है। यहां रहना ही बेहतर होगा। हम कुछ कैपिरीन्हास भी बनाएंगे। हम आपसे प्यार करते हैं और हम अगले हफ्ते एक अपडेट देंगे।"
पिछले साल सितंबर में कोलन से ट्यूमर निकाले जाने के बाद से पेले नियमित इलाज करा रहे हैं। हालांकि, न तो उनके परिवार या अस्पताल ने इस पर कोई टिप्पणी की है कि क्या कैंसर अन्य अंगों में फैल गया या नहीं।
पेले ने 1958, 1962 और 1970 में ब्राजील को विश्व कप दिलाय था। नेमार ने हाल ही में 2022 फीफा विश्व कप के दौरान ब्राजील के लिए पेले के सर्वकालिक गोल (77) के रिकॉर्ड की बराबरी की। ब्राजील के खिलाड़ियों और फैंस ने विश्व कप के दौरान पेले को बहुत ज्यादा सपोर्ट किया था। उनकी हेल्थ के लिए दुआएं मांगी थी।
पेले ने अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई भी थी और और 2022 फाइनल के बाद लियोनेल मेस्सी और किलियन एम्बाप्पे के प्रदर्शन की सराहना की, जहां अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में फ्रांस को 4-2 से हराया।
पेले ने कहा, "आज भी फुटबॉल हमेशा की तरह आकर्षक तरीके से अपनी कहानी बयां कर रहा है। इसको देखना किसी गिफ्ट से कम नहीं रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications