ISL 2022: ओड़िसा के खिलाफ मोहन बागान की नजरें सेमीफाइनल में जगह पक्की करने पर
गोवा, 23 फरवरी: एटीके मोहन बगान जब गुरुवार को वास्को डे गामा स्थित तिलक मैदान स्टेडियम में ओड़िसा एफसी से भिड़ेगी, तो मरून एंड ग्रीन ब्रिगेड जीत से हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2021-22 में सेमीफाइनल स्थान पक्का करने की कोशिश करेगी। वहीं, ओड़िसा के पास अब खोने को कुछ नहीं हैं और वो इस मुकाबले को जीतकर अपने विपक्षी की पार्टी खराब करने की कोशिश करेगी।

बगान 16 मैचों से 30 अंक जुटाकर तालिका में तीसरे स्थान पर है। लीग लीडर हैदराबाद एफसी को बुधवार को केरला ब्लास्टर्स से खेलना है, जिसके बाद बगान और हैदराबाद के बीच अंतर दो मैचों का हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- विश्व नंबर 1 कार्लसन पर प्रज्ञानानंद की जादुई जीत के फैन हुए PM मोदी, किया ये ट्वीट
बगान को पिछले मैच में कड़े संघर्ष के बाद केरला से 2-2 से ड्रा खेलने पर मजबूर होना पड़ा था और इस कारण उसके तीन मैचों में लगातार जीत का सिलसिला थम गया। लेकिन कोच जुआन फेर्रांडो की मरून एंड ग्रीन ब्रिगेड लगातार 12 मैचों से अपराजित चल रही है और अपने कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद वो हाल के मैचों में बेहतरीन नजर आई है।
लिस्टन कोलासो मरून एंड ग्रीन जर्सी में लगातार निखरते जा रहे हैं और ये तेज-तर्रार विंगर लगभग हर विपक्षी टीम की डिफेंस के लिए सिर्द बना हुआ है और अब मनवीर सिंह ने भी फार्म हासिल कर ली है। ये दोनों विंगर खतरनाक नजर आते हैं।
स्पेनिश रणनीतिकार फेर्रांडो ने कहा, "हम पूरी टीम पर ध्यान केंद्रित करेंगे और किसी एक खिलाड़ी पर नहीं। ओड़िसा स्तरीय विदेशियों और स्थानीय खिलाड़ियों के साथ एक अच्छी टीम है। हम पूरी टीम के लिए तैयारी करेंगे, न कि केवल एक खिलाड़ी के लिए।"
उधर, ओड़िसा की सेमीफाइनल की मामूली सी उम्मीदें बेंगलुरू एफसी से 1-2 की हार से खत्म हो चुकी है। ओड़िसा 18 मैचों से 22 अंक लेकर तालिका में सातवें स्थान पर है। ओड़िसा अपनी शानदार शुरुआत को जरूर अवसरों पर गति देने में विफल रही है, जब उसे जरूरत थी। वो अपने खेले पिछले सात मैचों में केवल एक ही जीत दर्ज कर सकी है ।
ओड़िसा के कोच किनो गार्सिया ने कहा, "हम हीरो आईएसएल में सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक के खिलाफ खेल रहे हैं। यह मेरे सभी खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। हमने उनके साथ पहले चरण में अच्छा प्रदर्शन किया था और हम क्लब और प्रशंसकों के लिए अच्छा खेलना जारी रखना चाहते हैं।"
पिछली बार सीजन के पहले चरण में जब ये दोनों टीमें भिड़ी थीं, तो वो मैच 0-0 से ड्रा रहा था।












Click it and Unblock the Notifications