ISL 2022-23: जमशेदपुर एफसी को मिली हैदराबाद की युवा टीम पर जीत, 3-2 से हराकर नौवीं स्थान पर पहुंची

हैदराबाद, 18 फरवरी: हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 के सेमीफाइनल राउंड के लिए स्थान पक्का कर चुकी हैदराबाद एफसी की युवा टीम को शनिवार को जीएमसी बालयोगी एथलेटिक स्टेडियम में जमशेदपुर एफसी ने 3-2 से हरा दिया। रेड माइनर्स प्लेऑफ की जीत में विंगर रित्विक दास (24वें), इंग्लिश मिडफील्डर जे एमैनुएल थॉमस (27वें) और नाइजीरियाई स्ट्राइकर डेनियल चीमा चुक्वु (29वें मिनट में) ने गोल दागे।
अपने होम ग्राउंड पर अंतिम मैच में हार के बावजूद हेड कोच मैनोलो मार्कुएज के मौजूदा चैम्पियनों की स्थिति पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। वे अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। हैदराबाद एफसी के 19 मैचों में 12 जीत, तीन ड्रा और चार हार से 39 अंक हैं। वहीं, दस खिलाड़ियों से खेलने के बावजूद जीत हासिल करने के बाद हेड कोच ऐडी बूथरॉयड के रेड माइनर्स गोल अंतर के आधार पर ईस्ट बंगाल एफसी को पीछे छोड़ते हुए नौवें स्थान पहुंच गए हैं। जमशेदपुर एफसी के 19 मैचों में चार जीत, चार ड्रा और 11 हार से 16 अंक हो गए हैं। ईस्ट बंगाल के भी 16 अंक हैं।
मैच का पहला गोल 12वें मिनट में आया, जब नाइजीरियाई स्ट्राइकर बार्थोलोम्यू ओग्बेचे ने हैदराबाद एफसी को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। दाहिने के बाद बाएं फ्लैंक पर मिली लगातार दूसरी कॉर्नर किक पर स्पेनिश मिडफील्डर बोर्जा हेरारा ने गेंद को छह गज के खतरनाक एरिया के अंदर पहुंचाया, जहां मौजूद कप्तान ओग्बेचे ने हेडर से सटीक निशाना लगाया जबकि गोलकीपर विशाल यादव ने अपने दाहिनी तरफ डाइव लगाकर बचाव करने की कोशिश जरूर की लेकिन गेंद उनके दाहिने हाथ को छूती हुई गोलजाल में जा उलझी। यह हीरो आईएसएल इतिहास के टॉप स्कोरर ओग्बेचे का कुल 62वां और इस सीजन का नौवां गोल है।
24वें मिनट में विंगर रित्विक दास ने हेडर से गोल करके जमशेदपुर एफसी को 1-1 की बराबरी पर दिला दी। दाहिनी तरफ से बने हमले में बोरिस सिंह ने बॉक्स अंदर सेकेंड पोस्ट की तरफ क्रॉस डाला, जहां मौजूद रित्विक ने अपने डिफेंडर से ऊंची जंप लगाते हुए हेडर किया और गेंद हैदराबाद के युवा गोलकीपर लाल्बिख्लुआ जोंग्टे के आगे से टिप्पा खाकर गोल लाइन के पार पहुंच गई।
27वें मिनट में इंग्लिश मिडफील्डर जे एमैनुएल थॉमस ने पेनल्टी किक को गोल में तब्दील करके जमशेदपुर एफसी को 2-1 से आगे कर दिया। जमशेदपुर एफसी को यह मौका 25वें मिनट में मिला, जब दाहिने फ्लैंक से आई कॉर्नर किक पर इंग्लिश स्ट्राइकर हैरी स्वायर के हेडर के बाद गेंद ओग्बेचे के हाथ से लगी और जमशेदपुर के खिलाड़ियों की अपील के बाद रेफरी प्रांजल बनर्जी ने सहायक रेफरियों से सलाह-मशविरा करने के बाद इसे फाउल करार देते हुए स्पॉट किक की तरफ इशारा किया। इसके बाद जे थॉमस ने लेफ्ट फुटर शॉट से गेंद को दाहिने पोस्ट की ओर गोल लाइन के पार भेज दिया जबकि हैदराबाद के युवा गोलकीपर लाल्बिख्लुआ जोंग्टे गलत अनुमान के साथ विपरीत दिशा पर डाइव लगा बैठे।
29वें मिनट में नाइजीरियाई स्ट्राइकर डेनियल चीमा चुक्वु ने गोल करके जमशेदपुर एफसी की बढ़त को 3-1 कर दिया। इंग्लिश स्ट्राइकर हैरी स्वायर से अटैकिंग थर्ड पर थ्रू-पास लेने के बाद चुक्वु तेजी से गेंद लेकर बॉक्स की तरफ दौड़े। नाइजीरियाई स्ट्राइकर को खतरनाक ढंग से आगे बढ़ते देख हैदराबाद के गोलकीपर लाल्बिख्लुआ जोंग्टे ब्लॉक करने आगे जरूर आए, लेकिन चुक्वु ने बॉक्स के बाहर से ही बाएं पैर से चिप कर दिया और गेंद जोंग्टे के हाथ के ऊपर से निकल कर गोल लाइन पार कर गई।
जमशेदपुर के ब्राजीली सेंटर-बैक एली साबिया को 57वें मिनट में रेफरी प्रांजल बनर्जी ने रेड कार्ड दिखाकर बाहर भेज दिया। गोलकीपर विशाल यादव की गलत गोलकिक के कारण गेंद सीधे हैदराबाद के स्पेनिश स्ट्राइकर हावी सिवेरिओ के पास आई और वह अटैकिंग थर्ड से लेकर तेजी से गेंद दौड़े, लेकिन बॉक्स के अंदर घुसने से पहले उनको कप्तान साबिया ने पीछे से गिराकर फाउल कर दिया। इसके बाद जमशेदपुर को शेष समय दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
हैदराबाद के स्थानापन्न ब्राजीली मिडफील्डर जाओ 76वें पेनाल्टी किक पर चूक गए। हैदराबाद को यह अवसर 74वें मिनट में मिला, जब दाहिनी तरफ से अब्दुल अंजुकंदन के क्रॉस को रोकने के चक्कर में डिफेंडर रिकी अपने बॉक्स के अंदर हैंडबॉल कर बैठे, जिस पर रेफरी प्रांजल बनर्जी ने लम्बी सिटी बजाकर स्पॉट किक की ओर इशारा किया। स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर उतरे जाओ के राइट फुटर शॉट को गोलकीपर विशाल यादव ने अपनी दाहिनी तरफ डाइव लगाकर रोक दिया।
79वें मिनट में नाइजीरियाई स्ट्राइकर बार्थोलोम्यू ओग्बेचे ने मैच में अपना दूसरा, सीजन का 10वां और कुल 63वां गोल करके हैदराबाद एफसी को कुछ राहत पहुंचाते हुए स्कोर 2-3 कर दिया। दाहिने फ्लैंक से अब्दुल अंजुकंदन ने क्रॉस बॉक्स के अंदर डाला और सेकेंड पोस्ट के आगे मौजूद ओग्बेचे ने स्लाइड करके अपने मार्कर से आगे निकलते हुए गेंद को गोल लाइन के पार पहुंचा दिया।
यह दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल में आठवां मुकाबला था और आज जमशेदपुर एफसी ने तीसरी बार जीत हासिल की है, जबकि हैदराबाद एफसी ने एक जीत दर्ज की है, जो उसे इस सीजन के पहले चरण में मिली थी। दोनों के बीच चार मैच ड्रा रहे हैं। आज के परिणाम के बाद दोनों टीमों के बीच मुकाबलों में पलड़ा बराबरी पर रहा।












Click it and Unblock the Notifications