ISL 2022-23: मुम्बई सिटी एफसी ने टाइट मुकाबले में ओडिसा एफसी को 2-0 से हराया
मुम्बई, 15 अक्टूबर: उम्मीद तो थी गोलों की बरसात की, लेकिन मुम्बई सिटी एफसी शनिवार को मुम्बई फुटबॉल एरिना में खेले गए संघर्षपूर्ण हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 मुकाबले में ओडिशा एफसी को 2-0 से मामूली अंतर से हराने सफल रही। मुम्बई की टीम अपनी पहली जीत से तालिका में सातवें से दूसरे स्थान पर आ गई है।

हेड कोच डेस बकिंघम के आईलैंडर्स अपने दूसरे मुकाबले में जीत का स्वाद चखने के बाद दो मैचों से चार अंक हासिल कर चुकी हैं, क्योंकि उन्होंने अपने पिछले मैच में मौजूदा चैम्पियन हैदराबाद एफसी के खिलाफ एक अंक बांटे थे। दूसरी ओर, ओएफसी की यह पहली हार है। अपने पिछले मैच में 2021-22 हीरो आईएसएल लीग विजेता जमशेदपुर एफसी के खिलाफ वापसी करके शानदार जीत दर्ज करने वाली कोच जोसेप गोम्बाऊ की टीम दो मैच में एक जीत से तीन अंक लेकर पांचवें से सातवें स्थान पर लुढ़क गई है।
मैच का पहला गोल 50वें मिनट में आया, जब ओडिशा एफसी के राइट-बैक शुभम सारंगी के आत्मघाती गोल से मुम्बई सिटी एफसी 1-0 से आगे हो गई। इस गोल में फॉरवर्ड ललिंजुआला छांगटे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। क्योंकि मुम्बई का यह फॉरवर्ड बॉक्स के अंदर तेजी के गेंद के साथ आगे बढ़ते हुए ओडिशा की डिफेंस को भेदकर लक्ष्य पर शॉट लेने में कामयाब हुआ, जिसे गोलकीपर अमरिंदर अपने पैर से किसी तरह रोकने में भी सफल हो गए थे लेकिन डिफ्लेक्शन में गेंद शुभम के पैर से लगकर गोललाइन पार कर गई।
चार मिनट के स्टॉपेज टाइम में बिपिन सिंह ने 90+4वें मिनट में मुंबई सिटी एफसी की बढ़त को 2-0 कर दिया। उनके इस गोल के ठीक बाद रैफरी प्रांजल बनर्जी ने मैच समाप्ति की लम्बी सीटी बजा दी। उन्होंने बॉक्स के अंदर मिले ग्रेग स्टीवर्ट के पैर्लल पास को राइट फुटर शॉट से यह गोल दागा।
गोलों की बरसात की उम्मीद के विपरीत पहले हाफ में खेल गोलरहित समाप्त हुआ। दोनों ही टीमों में लगभग बराबरी की टक्कर दिखाई दी, ओडिशा एफसी मेजबान टीम मुम्बई सिटी से बीस साबित हुई। इस दौरान दोनों ही टीमें गोल करने के बहुत अच्छे अवसर बनाने में नाकाम रही। हालांकि ओडिशा की ओर से नौ शॉट लगाए गए, जिसमें दो टारगेट की ओर भी गए, लिहाजा मुम्बई सिटी के गोलकीपर फुर्बा लाछेन्पा को आसान बचाव करने पर मजबूर होना पड़ा। वहीं, मुम्बई सिटी की तरफ से एक ही शॉट लगा और वो भी दिशाहीन रहा। इस तरह ओडिशा की मजबूत डिफेंस के कारण मुम्बई सिटी का कोई भी खिलाड़ी गोलकीपर अमरिंदर सिंह को टेस्ट नहीं कर सका।
हीरो आईएसएल में ये दोनों टीमें सातवें मुकाबले में मुम्बई सिटी ने जीत हासिल की और उसका रिकॉर्ड 3 की तुलना में चार हो गया है। इनके बीच मनोरंजक मुकाबलों में से कोई भी ड्रा नहीं होने का सिलसिला आज भी जा रहा। इस तरह सात मैचों में कुल गोलों की संख्या 30 पहुंच गई है, जिसमें आइलैंडर्स ने 18 और जगरनॉट्स ने 12 किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications