ISL 2022-23: चेन्नइयन एफसी को फॉर्म जारी रहने की उम्मीद, केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ है मुकाबला
चेन्नइयन एफसी केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ पुरानी फॉर्म को जारी रहने की उम्मीद में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में उतरेगी। पिछले हफ्ते इस टीम ने नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के खिलाफ सात गोल किए थे

चेन्नई, 18 दिसंबर: चेन्नइयन एफसी सोमवार को चेन्नई स्थित अपने घरेलू मैदान जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले जाने वाले हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 के मैचवीक 11 मुकाबले में केरला ब्लास्टर्स एफसी का सामना करने के लिए तैयार है। मरीना मचान्स अंतिम प्लेऑफ स्थान के ठीक नीचे हैं, जबकि उनके अगले प्रतिद्वंद्वी तीसरे स्थान से एक जीत दूर हैं। यह मुकाबला मुख्य कोच थॉमस ब्रैडरिक और इवान वुकोमानोविक के लिए भी एक प्रकार का पुनर्मिलन होगा, क्योंकि ये दोनों पहले भी जर्मनी में राइन डर्बी में बतौर खिलाड़ी एक-दूसरे से भिड़ चुके हैं।
पिछले हफ्ते, चेन्नइयन एफसी ने गुवाहाटी में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के खिलाफ सात गोल किए थे। डच विंगर नासिर अल खयाति ने हैट्रिक बनाने के अलावा दो गोल में सहायता प्रदान की थी और वह इस सीजन में लीग के शीर्ष गोल स्कोरर बने हुए हैं। अब उनके पास केवल छह मैचों में कुल ग्यारह गोलों में योगदान का एक शानदार रिकॉर्ड है।
चेन्नइयन एफसी को इस मैच में भी उसी फॉर्म को जारी रहने की उम्मीद है। मरीना मचान्स के मुख्य कोच थॉमस ब्रैडरिक की एकमात्र चिंता चेन्नइयन एफसी की खराब घरेलू फॉर्म होगी, क्योंकि उनकी टीम ने अपने घरेलू मैदान मरीना एरिना में अब तक पांच मैच खेले हैं लेकिन केवल एक जीत हासिल की है।
मरीना मचान्स के मुख्य कोच थॉमस ब्रैडरिक ने कहा, "हम उनके परिणामों का सम्मान करते हैं और हमें सतर्क रहना होगा, हमारे अपनी प्रेसिंग एकदम टाइट रखनी होगी और उन्हें खेलने के लिए खाली स्थान नहीं देना है। हमारा उद्देश्य उनकी गलतियों का फायदा उठाना है। अन्यथा, इस सप्ताह हमारी तैयारी उन्हें ध्यान में रखते हुए की गई है, और हमारे पास उनको रोकने की ताकत है।" उन्होंने कहा, "टीम अच्छी स्थिति में है और चारों ओर बहुत अच्छे माहौल है। हमें डर्बी में अपनी तैयारियों का प्रदर्शन करना होगा। मैं कल खेलने का इंतजार नहीं कर सकता।"
केरला ब्लास्टर्स हीरो आईएसएल में अब तक के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने लगातार अपने पिछले पांच मैच जीते हैं और इस दौरान तीन क्लीन शीट रखी हैं। पिछले हफ्ते, ब्लास्टर्स ने पांच गोल वाले रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरू एफसी को हराया था। दिमित्रियोस डायमंटाकोस ने लगातार पांचवें मैच में गोल दागा और अपोस्टोलोस जियानौ ने भी स्कोर किया था।
सेंटर-बैक मार्को लेस्कोविक केरला ब्लास्टर्स के डिफेंस में काफी मजबूत रहे हैं और उन्होंने भी पिछले हफ्ते ब्लूज के खिलाफ गोल किया था। इस क्रोएशियन डिफेंडर ने लीग में अब तक सबसे ज्यादा सफल इंटरसेप्शन बनाए हैं। ब्लास्टर्स अपनी अवे फॉर्म के भरोसे उतरेंगे क्योंकि चार अवे मैचों में से तीन मैच जीत चुके हैं।
ब्लास्टर्स के हेड कोच इवान वुकोमानोविक ने कहा, "एक कोच के रूप में, आप कभी भी रिकॉर्ड को लेकर अपना दिमाग व्यस्त नहीं रख सकते। भावनाओं के अलावा, आप हमेशा आगामी मैचों की तैयारी के बारे में सोचते हैं।" उन्होंने कहा, "हम एक ऐसे दौर में हैं जहां हमें अंक बटोरने की जरूरत है क्योंकि हम प्लेऑफ की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक बनना चाहते हैं। भारतीय फुटबॉल में केरला ब्लास्टर्स हमेशा से एक खास क्लब रहा है। हर कोई केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता है और हम इसे स्वीकार करते हैं।"
ये दोनों टीमें हीरो आईएसएल में 18 बार मिल चुकी हैं। इनमें से सात मुकाबले ड्रा पर समाप्त हुए हैं। मरीना मचान्स ने छह जीत दर्ज की हैं, जबकि ब्लास्टर्स ने पांच जीते हैं। पिछले सीजन में केरला ब्लास्टर्स ने चेन्नइयन एफसी पर दोहरी जीत हासिल की थी।












Click it and Unblock the Notifications