FIFA World Cup: क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान पत्रकार की मौत, भाई ने जताई हत्या की आशंका
यूएसए के चर्चित पत्रकार ग्रांट वाहल का शनिवार को अर्जेंटीना और नीदरलैंड के बीच मैच को कवर करते समय निधन हो गया। उनके भाई ने ग्रांट की हत्या की आशंका जताई है।

फुटबॉल के क्षेत्र में यूएसए के सबसे चर्चित पत्रकार में एक ग्रांट वाहल का शनिवार को अर्जेंटीना और नीदरलैंड के बीच फीफा वर्ल्ड कप मैच को कवर करते समय निधन हो गया। कुछ दिन पहले ही उन्हें मेजबान देश कतर में एलजीबीटीक्यू समुदाय के समर्थन में पहनी गई इंद्रधनुषी शर्ट के लिए हिरासत में लिया गया था। ग्रांट के भाई का मानना है कि ग्रांट की हत्या हुई है।
बताया गया है कि 48 साल के ग्रांट शुक्रवार को लुसेल आइकोनिक स्टेडियम में अर्जेंटीना और नीदरलैंड के बीच क्वार्टर फाइनल मैच को कवर करते समय गिर गए।
ग्रांट को पिछले महीने कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया था जब उन्होंने एलजीबीटीक्यू समुदाय के समर्थन में एक इंद्रधनुषी शर्ट पहनकर कतर में एक विश्व कप स्टेडियम में प्रवेश करने की कोशिश की थी लेकिन वहां पर समलैंगिक संबंध अवैध हैं। पहले से ही वनलव आर्मबैंड के चलते कतर सुर्खियों में है। उदार मानसिकता वाले यूरोपीय देशों में समलैंगिकता बेहद आम बात हो चुकी है लेकिन कतर जैसे इस्लामिक राष्ट्र के लिए ये चीज पूरी तरह बैन है।
स्पोर्ट्स इलस्ट्रेटेड के पूर्व पत्रकार ग्रांट वाहल ने कहा था कि विश्व कप सुरक्षा गार्ड्स ने उन्हें अल रेयान के अहमद बिन अली स्टेडियम में एंट्री नहीं करने दी और उन्हें अपनी शर्ट उतारने के लिए कहा। ये यूएसए और वेल्स के बीच मुकाबला चल रहा था।
उन्होंने कहा कि जब उन्होंने घटना के बारे में ट्वीट किया तो उनका फोन छीन लिया गया। ग्रांट के भाई एरिक ने आरोप लगाया कि हो सकता है कतर की सरकार उनकी मौत की मौत में शामिल हो।
ग्रांट के भाई ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, "मेरा नाम एरिक वाहल है। मैं सिएटल, वाशिंगटन में रहता हूँ। मैं ग्रांट वाहल का भाई हूं। मैं समलैंगिक हूं। मेरी वजह से ही उन्होंने विश्व कप में रेनबो शर्ट पहनी थी। मेरा भाई हेल्दी था। उसने मुझे बताया कि उसे जान से मारने की धमकी मिली है। मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि मेरा भाई अभी मरा है। मुझे विश्वास है कि वह मारा गया था। और मैं बस अब किसी तरह की मदद की गुहार लगा सकता हूं।"
उनके पास बैठे अमेरिकी मीडियाकर्मियों ने कहा कि अतिरिक्त समय के दौरान लुसैल आइकोनिक स्टेडियम में मीडिया प्रेस बॉक्स में वे गिरे और फिर नहीं उठे।
वाहल ने सोमवार को यह भी लिखा था कि कतर में रहने के दौरान वह एक अस्पताल गए थे, उन्होंने कहा कि तीन सप्ताह की कम नींद, हाई स्ट्रेस और बहुत सारे काम के कारण उनका शरीर आखिरकार टूटा महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि वे एक क्लिनिक में गए थे, और उन्होंने कहा कि मुझे शायद ब्रोंकाइटिस है। उन्होंने मुझे एंटीबायोटिक्स और कुछ खांसी की दवाई दी, और मैं कुछ ही घंटों बाद पहले से ही थोड़ा बेहतर महसूस कर रहा हूं।"












Click it and Unblock the Notifications