VIDEO: लियोनेल मेसी ने जीता दिल, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ खिंचवाए फोटो
फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप में रविवार को लियोनेल मेसी ने दिल जीतने वाला काम किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जीतने के बाद उन्होंने विपक्षी खिलाड़ियों का निवेदन मानते हुए फोटो खिंचवाए, इसका वीडियो वायरल हो गया।

Lionel Messi Photos with Australian Players: फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप 2022 में रविवार को अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रेलिया को हराते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने फ्रंट से लीड किया और टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की। मेसी फुटबॉल वर्ल्ड में एक बड़ा नाम है और उनके काफी फैन्स भी हैं। हर कोई उनके साथ फोटो क्लिक करवाने की चाहत रखता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी भी फैन्स की तरह मेसी के साथ फोटो खिंचवाते दिखे और इसका वीडियो भी वायरल हुआ। (Photo: Twitter/SS)
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने खिंचवाए फोटो
रविवार को मुकाबले के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने मेसी के साथ फोटो खिंचवाने के लिए इन्तजार किया। इसके बाद जब मेसी आए तो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने उनसे फोटो के लिए निवेदन किया। अर्जेंटीना के कप्तान ने भी उनको निराश नहीं किया और फोटो क्लिक करवाने के लिए रुक गए। बाद में सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया।
टीम की जीत में मेसी का योगदान
रविवार को राउंड 16 के मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेसी ने अर्जेंटीना के लिए पहला गोल दागा। 35वें मिनट में गोल दागते हुए मेसी ने टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद जूलियन अल्वारेज ने टीम के लिए दूसरा गोल दाग दिया। इससे अर्जेंटीना के पास दो गोल की बढ़त हो गई। ऑस्ट्रेलिया की टीम एक गोल दागने में सफल रही और अंत में अर्जेंटीना मैच जीतकर आगे चली गई।
मेसी के लिए बड़ी उपलब्धि
मेसी के करियर का यह 1000वां मुकाबला था और फीफा वर्ल्ड कप में उन्होंने 9वां गोल दागते हुए इतिहास में नाम दर्ज करवा लिया। इसके अलावा अर्जेंटीना के लिए ऑल टाइम सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ियों में वह दूसरे स्थान पर आ गए। ऐसा कहा जाता रहा है कि मेसी वर्ल्ड कप के नॉक आउट चरण में गोल नहीं दाग पाते लेकिन यहाँ उन्होंने गोल दागकर उन लोगों का मुंह भी बंद कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications