FIFA World cup Final: बांग्लादेश में भी मना अर्जेंटीना की जीत का जश्न, सड़कों पर लगे 'मेसी-मेसी' के नारे
फीफा वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में अर्जेंटीना ने एक रोमांचक मुकाबले में फ्रांस को हराकर 6वीं खिताब पर कब्जा किया। अर्जेंटीना की जीत का जश्न बांग्लादेश में भी मनाया गया।

फीफा वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में अर्जेंटीना की जीत का जश्न पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है, जो देश फीफा वर्ल्ड कप का हिस्सा भी नहीं थे वहां भी अर्जेंटीना की जीत का जश्न मनाया गया। भारत में भी अर्जेंटीना की जीत का जश्न मना। इतना ही नहीं भारत के पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में भी अर्जेंटीना के चैंपियन बनने की खुशी देखी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश में फुटबॉल फैंस ने रविवार को अर्जेंटीना की जीत का जश्न बड़े धूमधाम से मनाया।
अर्जेंटीना का झंडा लेकर सड़कों पर उतरे समर्थक
जानकारी के मुताबिक, राजधानी ढाका में फुटबॉल प्रेमियों की आंखों में खुशी के आंसू भी देखने को मिले। इसके अलावा प्रशंसकों ने सड़कों पर 'मेसी-मेसी' के नारे भी लगाए। अर्जेंटीना की जीत की खुशी में बांग्लादेशी प्रशंसक खुशी में नाचते हुए भी दिखे। ढाका की सड़कों पर जगह-जगह यही नजारा देखा गया। आपको बता दें कि ढाका में जगह-जगह चौराहों पर बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाकर फीफा विश्व कप का फाइनल मैच देखा गया था। हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर मैच देख रहे थे। इस भीड़ अर्जेंटीना के समर्थकों की संख्या बहुत अधिक थी और अधिकतर फैंस ने मेसी के नंबर 10 की टीशर्ट पहनी हुई थी और अर्जेंटीना का झंडा भी इस भीड़ में दिख रहा था।
मेसी के फैंस रोते हुए भी देखे गए
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, मेसी के 18 वर्षीय फैन नफीउन रहमान जियान ने AFP को बताया कि वो नहीं जानता कि रो क्यों रहा है, लेकिन मैं इतना जानता हूं कि मैं मेसी के लिए रो रहा हूं। आपको बता दें कि फीफा विश्व कप 2022 का फाइनल मेसी के करियर का आखिरी विश्व कप मैच था। इसी को ध्यान में रखकर नफीउम ने कहा कि मुझे मेरे सबसे पसंदीदा फुटबॉलर को इस तरह विदाई लेते हुए देखकर मेरा सालों का इंतजार खत्म हो गया, जादूगर के पास दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी है।
ब्राजील और अर्जेंटीना को सपोर्ट करते हैं बांग्लादेशी
आपको बता दें कि बांग्लादेश एक मुस्लिम बहुल देश है, जहां 170 मिलियन आबादी मुसलमानों की है। बांग्लादेश में अधिकतर लोग क्रिकेट के दीवाने हैं और बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय टीम भी है जो अभी भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है। बांग्लादेश को वैश्विक फुटबॉल में सबसे नीचे का स्थान दिया गया है, लेकिन इसके बावजूब इस देश में फुटबॉल प्रशंसकों की कमी नहीं है। बांग्लादेश में अर्जेंटीना और ब्राजील के समर्थकों की भरमार है।












Click it and Unblock the Notifications