Video: केरल में जान बचाने के लिए भागता रहा विदेशी फुटबॉलर, भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
केरल में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, इसमें भीड़ एक व्यक्ति को पीटते हुए दिखाई दे रही है। बताया गया है कि यह पिटने वाला व्यक्ति एक फुटबॉलर है। लोग इस व्यक्ति के ऊपर नस्लीय टिप्पणियाँ भी कर रहे हैं।
घटना मलप्पुरम के एरिकोड में फुटबॉल स्टेडियम की बताई जा रही है और यह फुटबॉलर आइवरी कोस्ट का है, जिसका नाम हसन जूनियर है। बताया जा रहा है कि भीड़ ने इस व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी। वह खुद को बचाने के लिए भीड़ से आगे भागने का प्रयास भी करता है।

वीडियो में यह भी दिखाई दिया है कि भीड़ ने इस इंसान पर नस्लीय टिप्पणियाँ भी की है। इसके बाद इस खिलाड़ी ने पुलिस में जाकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। एक केस दर्ज किया गया है। पुलिस को इस खिलाड़ी ने बताया की कॉर्नर किक मिलने के बाद वह तैयार हो रहे थे, तभी भीड़ ने उनके ऊपर नस्लीय टिप्पणी की।
खिलाड़ी की तरफ से बताया गया कि भीड़ में से उनके ऊपर पत्थर बरसाए गए। वहीं दर्शकों की तरफ से भी इस कहानी का एक पहलू सामने आया। दर्शकों की तरफ से कहा गया कि खिलाड़ी ने किसी दर्शक को लात मार दी थी, इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया।
हसन जूनियर को जवाहर मावुर क्लब से खेलने का मौका मिला था और वह सेवंस फुटबॉल टूर्नामेंट में खेल रहे थे। वहां यह घटना हुई है। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इसकी निंदा भी की है।












Click it and Unblock the Notifications