भारत को वर्ल्ड कप जिताने वाला खिलाड़ी बना चेन्नई सुपर किंग्स का हेड कोच, करियर में 600 विकेट लेकर मचाया तहलका
चेन्नई सुपर किंग्स में अब एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2027 के लिए अपने हेड कोच की नियुक्ति कर दी है। स्टीफन फ्लेमिंग के जाने से हेड कोच की पोस्ट खाली हो गई थी। रिप्लेसमेंट एक पूर्व दिग्गज भारतीय क्रिकेटर से किया गया है।
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को चेन्नई ने अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। फ्लेमिंग ने 2008 में सीएसके के साथ खिलाड़ी के तौर पर शुरुआत की थी और 2009 से टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली। उनके कार्यकाल में टीम ने 5 आईपीएल खिताब और 2 चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफी जीतीं। ऐसे में जहीर के सामने सिर्फ नया सीजन तैयार करने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि एक लंबे दौर के बाद टीम की कोचिंग व्यवस्था को नई दिशा देने का सवाल भी होगा।

खिलाड़ी से कोच तक लंबा सफर
जहीर का क्रिकेटिंग सफर सिर्फ भारतीय टीम तक सीमित नहीं रहा। आईपीएल से संन्यास के बाद उन्होंने मुंबई इंडियंस में क्रिकेट ऑपरेशंस के डायरेक्टर और ग्लोबल डेवलपमेंट से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं। इसके बाद वह लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर भी रहे।
आईपीएल में जहीर ने 100 मैच खेले और 102 विकेट लिए। भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में उनके नाम 610 विकेट हैं। 2011 में भारत को एकदिवसीय वर्ल्ड कप जिताने में जहीर का अहम योगदान था और महेंद्र सिंह धोनी उस समय कप्तान थे।
युवा खिलाड़ियों पर रहेगा फोकस
सीएसके की ओर से जहीर की नियुक्ति के पीछे युवा खिलाड़ियों को तैयार करने का अनुभव भी प्रमुख वजह बताया गया है। टीम की मालिक रूपा गुरुनाथ ने उनके युवा प्रतिभाओं को निखारने की क्षमता की तारीफ की।
सीएसके के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने जहीर को शानदार क्रिकेटिंग दिमाग वाला खिलाड़ी बताया और खास तौर पर युवा तेज गेंदबाजों के साथ उनके काम का उल्लेख किया।
खुद जहीर ने नियुक्ति के बाद कहा कि सीएसके जैसे सफल फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है। अब देखना होगा कि फ्लेमिंग के 18 साल के दौर के बाद जहीर की कोचिंग में सीएसके किस तरह अपनी नई टीम तैयार करती है।


Click it and Unblock the Notifications
