एक ओवर में 7 छक्के लगाने वाले ऋतुराज गायकवाड़ का खुलासा, उस वक्त मेरे दिमाग में युवराज सिंह थे
विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में ऋतुराज गायकवाड़ ने यूपी के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए एक ओवर में 7 छक्के लगाए थे। गायकवाड़ ने इस ओवर में कुल 43 रन बटोरे थे।
हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी के एक मैच में एक ओवर में 7 छक्के लगाने वाले ऋतुराज गायकवाड़ ने खुलासा किया है कि उन्होंने जब यह कीर्तिमान स्थापित किया तो उस वक्त उनके दिमाग में युवराज सिंह का ही नाम चल रहा था। गायकवाड़ ने कहा है कि वो युवराज सिंह के साथ एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल होना चाहते थे, लेकिन गायकवाड़ की किस्मत देखिए उन्हें इस ओवर में एक नो बॉल मिल गई। उस गेंद पर भी गायकवाड़ ने छक्का लगा दिया। इसी के साथ वो एक ओवर में 7 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।

गायकवाड़ ने एक ओवर में ठोके थे 43 रन
आपको बता दें कि ऋतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए यूपी के खिलाफ एक ओवर में सात छक्के लगाकर उस ओवर में 43 रन बटोरे थे। यह मैच विजय हजारे ट्रॉफी का क्वार्टर फाइनल मैच था। गायकवाड़ ने उस मूमेंट को याद करते हुए युवराज सिंह के छह छक्कों को भी याद किया है, जो युवी ने 2007 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ मारे थे।
मैंने ठान लिया था कि छह छक्के मारूंगा- गायकवाड़
ऋतुराज ने कहा है, "जब मैंने उस ओवर में पांच छक्के लगा दिए थे तो मेरे दिमाग में युवराज सिंह थे, जब उन्होंने उस टी20 विश्व कप में छह छक्के लगाए थे तो मैं उस वक्त युवावस्था में था। मैंने वो मैच देखा था। मैं चाहता था कि अब मेरा नाम भी युवी पाजी के साथ जुड़ जाए और इसीलिए मैंने ठान लिया था कि छठवें छक्के के लिए भी मैं ट्राई करूंगा। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं एक ओवर में छह छक्के मारूंगा।"
सेमीफाइनल में असम से भिड़ेगी महाराष्ट्र की टीम
बता दें कि विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गायकवाड़ ने 159 गेंदों पर 10 चौकों और 16 छक्कों की मदद से 220 रन की पारी खेली थी। उनकी इस पारी की बदौलत महाराष्ट्र ने पांच विकेट के नुकसान पर 330 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था। इसके बाद महाराष्ट्र ने यूपी को 47.4 ओवर में 272 रन पर आउट कर मैच 58 रन से जीत लिया। महाराष्ट्र की टीम अब 30 नवंबर को सेमीफाइनल में असम के खिलाफ भिड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications