यशस्वी जायसवाल को मिलेगी टीम इंडिया में एंट्री? जय शाह के ट्वीट से कयासों का बाजार गर्म, फैंस कर रहे ये मांग
IPL: केकेआर के खिलाफ यशस्वी जायसवाल ने 47 गेंदों पर 98 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके बाद बीसीसीआई के सचिव जय शाह भी उनकी तारीफ करते नजर आए। शाह के ट्वीट के बाद से प्रशंसकों द्वारा अब कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगी हैं।

Yashasvi Jaiswal, IPL 2023: राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ, जो धुआंधार पारी खेली, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। हालांकि, महज दो रन के कारण वे अपने शानदार शतक से चूक गए। जायसवाल ने 47 गेंदों पर 98 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके बाद बीसीसीआई के सचिव जय शाह भी उनकी तारीफ करते नजर आए।
कोलकाता नाइट राइडर्स के 150 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरआर ने 13.1 ओवर में 151/1 रन बनाए, जिसमें जायसवाल ने 47 गेंदों पर 12 चौके और पांच छक्के की मदद से 98 रनों की शानदार पारी खेली। आरआर को एक शुरुआती झटका लगा, जहां जायसवाल के सलामी जोड़ीदार को तीन गेंदों में बिना कोई खाता खोले वापस लौटना पड़ा, लेकिन जायसवाल ने प्रभावी तरीके से जवाब दिया।
जायसवाल ने लगाई आईपीएल के इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी
सलामी बल्लेबाज (Yashasvi Jaiswal) ने ईडन गार्डन्स के मैदान पर महज 13 गेंदो पर सबसे तेज अर्धशतक बनाकर आईपीएल में एक नया इतिहास बना दिया। जायसवाल की पारी पर विराट कोहली और केएल राहुल समेत कई दिग्गजों का रिएक्शन आया। जायसवाल ने सिर्फ 13 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के लगाकर रिकॉर्ड तोड़ अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड संयुक्त रूप से राहुल और पैट कमिंस के नाम था, जिन्होंने 14 गेंद पर ये कमाल किया था।
यशस्वी जायसवाल अपनी आतिशी बल्लेबाजी के बाद ऑरेंज कैप की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अब तक के 12 मैचों में 52.27 के औसत और 167.15 के स्ट्राइक रेट से 575 रन बना दिए हैं। उनकी इस बल्लेबाजी के लिए बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने जमकर प्रशंसा की।
उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'यशस्वी जायसवाल की शानदार बैटिंग, जिन्होंने आईपीएल में सबसे तेज फिफ्टी लगाई है। उसने अपने के खेल के लिए जबरदस्त धैर्य और जुनून दिखाया है। इतिहास रचने पर बधाई। मुझे उम्मीद है कि आप अपने इस शानदार फॉर्म को आगे भी जारी रखेंगे।'
शाह के ट्वीट पर रिएक्शन देते हुए प्रशंसकों द्वारा अब कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगी हैं। प्रशंसकों का मानना है कि यशस्वी जायसवाल को अब टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका मिल सकता है। शाद के ट्वीट को फैंस जायसवाल के भारतीय टीम में चयन की गारंटी के तौर पर देख रहे हैं।
एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा कि, 'सर प्लीज इसे इंडियन टीम में सेलेक्ट कर लीजिए। अब समय आ गया है कि हमें रोहित शर्मा, केएल राहुल और यहां तक कि कोहली से आगे बढ़ना चाहिए। मैं कोहली का समर्थन करता हूं, लेकिन हमें विश्व कप और अगले साल टी20 विश्व कप भी जीतना है। एक दूसरे यूजर्स ने लिखा 'सर कृपया विश्व कप 2023 टीम में जायसवाल पर विचार करें। वह इस पद के हकदार हैं।' सोशल मीडिया पर इस तरह के ट्वीट की फिलहाल बाढ़ आ चुकी है।
Recommended Video












Click it and Unblock the Notifications