यौन शोषण के आरोपों में फंसे Yash Dayal के करियर पर खतरा! आसान नहीं रहा था IPL तक का सफर, कहां से की थी पढ़ाई?
Yash Dayal: भारतीय क्रिकेट में कई युवा चेहरे ऐसे हैं जो मैदान पर प्रदर्शन से तो चर्चा में आते हैं, लेकिन कभी-कभी मैदान के बाहर की घटनाएं भी उन्हें सुर्खियों में ला देती हैं। ऐसा ही कुछ हो रहा है रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल के साथ। यश, जिन्होंने अपने दम पर इलाहाबाद की गलियों से IPL तक का सफर तय किया, आज एक गंभीर आरोप की वजह से मुश्किल में हैं।
गाजियाबाद की एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर 5 साल तक शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण का आरोप लगाया है। इस मामले में FIR भी दर्ज हो चुकी है और पुलिस जांच में जुट गई है। वहीं दूसरी तरफ, यश का क्रिकेट करियर भी कम दिलचस्प नहीं रहा।

बचपन से क्रिकेट को लेकर उनका जुनून, घरेलू टूर्नामेंट्स में बेहतरीन प्रदर्शन, और IPL में 5 करोड़ की डील तक का सफर प्रेरणादायक रहा है। लेकिन अब उनके जीवन में आई यह कानूनी चुनौती उनकी छवि और करियर दोनों पर असर डाल सकती है।
ये भी पढ़ें: यश दयाल के ऊपर हुआ केस दर्ज, यौन शोषण के आरोपों पर पुलिस को मिले अहम सबूत
इलाहाबाद की गलियों से शुरू हुआ यश का सफर
यश दयाल का जन्म 13 दिसंबर 1997 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। उनका परिवार सामान्य है, लेकिन खेल के प्रति जुनून बचपन से रहा। उनके पिता चंद्रपाल दयाल खुद जोनल क्रिकेट खेल चुके हैं और अब भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (CAG) ऑफिस में काम करते हैं। यश ने केंद्रीय विद्यालय न्यू कैंट इलाहाबाद से स्कूली पढ़ाई की और बाद में सैम हिगिनबॉटम यूनिवर्सिटी से साइकोलॉजी में ग्रेजुएशन किया।
8 साल की उम्र से क्रिकेट का जुनून
यश ने महज 8 साल की उम्र से प्रोफेशनल क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। 10 साल की उम्र में ही वह सीनियर डिवीजन मैच खेलने लगे थे। 2011 में उन्होंने अंडर-16 टीम का प्रतिनिधित्व किया और फिर यूपी की अंडर-21 और अंडर-23 टीम में भी जगह बनाई। 21 सितंबर 2018 को उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी से लिस्ट-ए डेब्यू किया और फिर रणजी ट्रॉफी में भी शानदार प्रदर्शन किया।
IPL में कैसे मिला मौका
लेफ्ट-आर्म मीडियम फास्ट बॉलर यश दयाल को 2022 में गुजरात टाइटंस ने 3.2 करोड़ रुपये में खरीदा। इसी साल उन्होंने IPL में डेब्यू किया। हालांकि 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज़ रिंकू सिंह ने उनकी गेंदों पर एक ओवर में 5 छक्के लगाकर उन्हें सुर्खियों में ला दिया। लेकिन यश ने हार नहीं मानी और 2024 में RCB ने उन्हें 5 करोड़ में टीम में शामिल किया। इस सीज़न में उन्होंने 15 विकेट चटकाए, जिनमें एमएस धोनी का विकेट उनके लिए खास रहा।
पर्सनल लाइफ और कमाई
यश क्रिकेट के अलावा किसी और चीज में खास रुचि नहीं रखते। उनका पूरा ध्यान खेल पर रहता है। उनकी कुल नेट वर्थ करीब 3.7 करोड़ रुपये है और IPL 2023 में उनकी सैलरी 3.2 करोड़ रही। उनके पिता हमेशा चाहते थे कि यश भारत के लिए खेलें और यश उसी ओर कदम बढ़ा रहे हैं। हालांकि, उन्हें अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू का मौका नहीं मिला है।
क्यों बढ़ा विवाद?
हाल ही में गाजियाबाद की एक महिला ने यश दयाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने कहा कि यश ने उसे शादी का भरोसा देकर 5 साल तक शोषण किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया। यह शिकायत 21 जून 2025 को यूपी CM पोर्टल पर दर्ज हुई और 7 जुलाई 2025 को गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में FIR दर्ज की गई। FIR BNS की धारा 69 के तहत दर्ज हुई है, जो झूठे वादे से शारीरिक संबंध बनाने से जुड़ी है। इस धारा में 10 साल तक की सजा हो सकती है।
महिला ने चैट्स, फोटो और वीडियो जैसे सबूत भी पुलिस को दिए हैं। पुलिस ने यश का बयान दर्ज कर लिया है, लेकिन फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। यह मामला आने वाले समय में और गंभीर रूप ले सकता है।
ये भी पढ़ें: यश दयाल और लड़की की चैट हुई लीक, ड्रेस से लेकर फोटो पर हुई थी बातचीत, खुलकर सामने आई युवती












Click it and Unblock the Notifications