Wrestlers Protest: बीसीसीआई चीफ रोजर बिन्नी ने बनाई 1983 टीम के बयान से दूरी
भारत में चल रहे रेसलर प्रोटेस्ट के सपोर्ट में 1983 विश्व कप विजेता टीम का एक संयुक्त बयान जारी किया गया था। बीसीसीआई के अध्यक्ष और उस टीम के सदस्य रोजर बिन्नी ने खुद को इस ज्वाइंट स्टेटमेंट से अलग कर लिया है।

Wrestlers Protest in Hindi: बीसीसीआई के अध्यक्ष और 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रोजर बिन्नी (Roger Binny) ने अपने आपको उस बयान से अलग कर लिया है जिसमें इस टीम के सदस्यों ने भारत में चल रहे रेसलर प्रोटेस्ट को अपना खुला समर्थन दिया है।
1983 विश्व कप विजेता टीम ने 2 जून को एक संयुक्त बयान के तहत पहलवान आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दिया था। बिन्नी ने साफ किया है कि उन्होंने इस संयुक्त बयान पर किसी तरह का कोई साइन नहीं किया है।
उन्होंने पीटीआई से बात करते हुए स्पष्ट किया कि, 'कुछ मीडिया रिपोर्ट के विपरीत, मैं यह बताना चाहूंगा कि मैंने रेसलर प्रोटेस्ट की मौजूदा स्थिति को लेकर किसी तरह का कोई बयान जारी नहीं किया है। मुझे लगता है कि जरूरी ऑथोरिटी अपना काम कर रही हैं जिससे मामला सुलझाया जा सके। एक पूर्व क्रिकेटर होने के नाते मैं मानता हूं कि खेल को राजनीति के साथ नहीं मिलाना चाहिए।'
बिन्नी अक्टूबर 2022 में एकमत द्वारा चुने गए थे और बीसीसीआई के अध्यक्ष बन गए थे। इससे पहले 2 जून को पीटीआई की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 1983 विश्व कप विजेता टीम के कई सदस्यों ने रेसलर के आंदोलन को पूरा सपोर्ट दिया है।
विश्व विजेता टीम इस बात को लेकर काफी दुखी और चिंतित बताई गई कि रेसलर अपने मेडल को गंगा में प्रवाहित करने जा रहे थे। इस टीम के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि पहलवानों की मांगो की सुनवाई होगी और यह मुद्दा सुलझ जाएगा।
इस मामले पर 1983 टीम के कप्तान कपिल देव ने कहा था, "मैं व्यक्तिगत तौर पर कुछ नहीं कहना चाहूंगा। 1983 की पूरी टीम उस बयान पर कायम है जो हमने जारी किया है।"
हालांकि समझा जा रहा है कि, 83 टीम के सदस्य कीर्ति आजाद ने इस बयान को जारी करने से पहले केवल कपिल देव और मदनलाल से ही अप्रूवल लिया था। इस टीम में बाकी सदस्य सुनील गावस्कर, मोहिंदर अमरनाथ, के श्रीकांत, सैयद किरमानी, यशपाल शर्मा, मदनलाल, बलविंदर सिंह संधू और संदीप पाटिल है।
वर्ल्ड कप मैच का खिताबी मुकाबला 25 जून 1983 को खेला गया था जब भारत ने फाइनल में वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार क्रिकेट में विश्व कप जीता था।












Click it and Unblock the Notifications