MI vs UPW: लाइव मैच में भिड़ीं हरमनप्रीत कौर और सोफी एक्लेस्टोन, BCCI ने उठाया सख्त कदम, देखें वीडियो
WPL 2025 MI vs UPW: गुरुवार 6 मार्च को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में महिला प्रीमियर लीग के मैच में मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्स के बीच रोमांचक मैच खेला गया। इस मुकाबले के दौरान मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर और सोफी एक्लेस्टोन के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
हरमनप्रीत कौर ने की अंपायर से बहस (WPL 2025 MI vs UPW)
वॉरियर्स की पारी के आखिरी ओवर में मुंबई को धीमी ओवर गति के लिए पेनल्टी दी गई। मैदानी अंपायर अजितेश अर्गल ने हरमनप्रीत को बताया कि पेनल्टी के तौर पर मुंबई को चार की जगह सर्कल के बाहर सिर्फ़ तीन फ़ील्डर रखने की अनुमति होगी। हरमनप्रीत इस फ़ैसले से खुश नहीं थीं और उन्होंने अंपायर से बहस करना शुरू कर दिया।

एक्लेस्टोन पर भड़कीं हरमनप्रीत
अमेलिया केर टीम की तरफ से आखिरी ओवर में गेंदबाजी करने वाली थीं, वह भी बातचीत में शामिल हो गईं। नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़ी एक्लेस्टोन ने बीच में आकर कुछ कह दिया, जिससे हरमनप्रीत और भी गुस्से में आ गईं। एमआई की कप्तान कुछ उग्र इशारे करते हुए एक्लेस्टोन को वापस जाने को कहा। बाद में ऑन-फील्ड अंपायर एन जननी ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद खेल फिर से शुरू हुआ।
मुंबई पर लगी पेनल्टी
हालांकि, इस पेनल्टी का मुंबई को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। केर ने अंतिम ओवर में केवल सात रन दिए और दीप्ति शर्मा और एक्लेस्टोन के विकेट लिए, जिससे वॉरियर्स को नौ विकेट पर 150 रन पर रोक दिया गया। बाद में मुंबई की टीम ने इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
हरमनप्रीत को लेकर लिया गया बड़ा फैसला
इस घटना के बाद हरमनप्रीत पर WPL आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। उन्होंने अनुच्छेद 2.8 के तहत लेवल 1 का अपराध स्वीकार किया, जो मैच के दौरान अंपायर के फैसले के प्रति असहमति व्यक्त करने से संबंधित है। हालांकि, मुंबई ने छह विकेट से मैच जीत लिया। केर WPL में पांच विकेट लेने वाली पहली मुंबई की गेंदबाज बन गईं, जिन्होंने 4-0-38-5 के आंकड़े के साथ मैच समाप्त किया।
हालांकि, हरमनप्रीत बल्ले से विफल रहीं, जब ग्रेस हैरिस ने उन्हें चार रन पर आउट कर दिया। हेले मैथ्यूज ने 46 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता। जीत के साथ मुंबई अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। दूसरी ओर वॉरियर्स प्रतियोगिता से लगभग बाहर हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications