WPL 2023: स्पॉन्सर नहीं तो धोनी का नाम बल्ले पर लिख किरण ने जड़ी फिफ्टी, ट्विटर पर प्रतिक्रियाओं की आंधी
किरण नावगिरे को बल्ले पर स्टिकर चिपकाने के लिए कोई स्पॉन्सर नहीं मिला था, उन्होंने धोनी का नाम लिखकर अर्धशतक जमा दिया।

Kiran Navgire Written MS Dhoni name on bat: महेंद्र सिंह धोनी के फैन्स दुनिया के हर कोने में मिल जाते हैं। संन्यास के बाद भी उनका क्रेज खत्म नहीं हुआ है। भारतीय पुरुष और महिला टीमों में भी उनको आदर्श मानने वाले कई नाम हैं। किरण नावगिरे भी उनमें एक नाम है। किरण इस समय महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन में यूपी वॉरियर्ज के लिए खेल रही हैं। अपनी बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली इस खिलाड़ी के बल्ले पर लिखे नाम ने हर किसी का ध्यान आकर्षित किया है। किरण इस पर महेंद्र सिंह धोनी का नाम लिखकर खेल रही थीं और फिफ्टी जमा दी।
गुजरात जायंट्स के खिलाफ रविवार को खेलते हुए किरण के बल्ले पर लिखा हुआ नाम चर्चा का विषय बना। उनके पास स्टिकर के लिए कोई स्पॉन्सर नहीं था इसलिए MSD07 लिखकर खेल रही थीं। एक और ख़ास बात यह भी है कि उन्होंने यह अपने हाथ से लिखा था। इस तरह बिना स्पॉटन्सर वाले बल्ले पर धोनी का लिखा हुआ नाम देखकर फैन्स ने उनकी जमकर तरीफ की और कहा कि हमारी तरह एक और माही फैन मिल गया।
अपनी बल्लेबाजी के दौरान किरण ने 5 चौके और 2 शानदार छक्के जमाए। यूपी को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालते हुए किरण ने अपने अर्धशतक से वापसी कराई। इसके बाद ग्रेस हैरिस और एक्लेस्टोन ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए गुजरात का जबड़े से जीत छीन ली और यूपी को 3 विकेट से जीत दिला दी।
बल्ले पर स्टिकर की जगह धोनी का नाम देखकर कॉमेंट्री बॉक्स के लोगों ने इसका जिक्र किया। इसके बाद फैन्स को यह बात पता चल गई और उनका बल्ला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हर कोई किरण की तारीफ करता हुआ नज़र आया। धोनी के फैन्स इसमें सबसे आगे रहे। उल्लेखनीय है कि पहले खेलते हुए गुजरात जायंट्स की टीम ने 169 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद यूपी ने अंतिम ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर यह लक्ष्य प्राप्त कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications