जिंबाब्वे ने USA को रनों के ढेर में कुचलकर दर्ज की ODI के इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत
World Cup Qualifier 2023: जिंबाब्वे क्रिकेट टीम (Zimbabwe cricket team) ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2023 के ग्रुप-ए के मुकाबले में यूएसए की टीम को 304 रनों से मात दे दी। ये मैच हरारे में हुआ।
जिंबाब्वे ने इतना जबरदस्त क्रिकेट खेला कि यह वनडे क्रिकेट के इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। पहली सबसे बड़ी जीत भारत बनाम श्रीलंका मुकाबले में आई थी जो 2023 में तिरुवनंतपुरम में खेला गया था।

तब टीम इंडिया ने श्रीलंका को 317 रनों से मात दी थी। जिंबाब्वे कुछ ही अंतर से वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाली टीम बनने से चूक गई है, लेकिन उनका महान प्रयास लंबे समय तक याद किया जाएगा, क्योंकि इस अफ्रीकी टीम ने अपने वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार 400 या उससे ज्यादा का आंकड़ा पार किया है।
जिंबाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 408 रन बनाए थे, जिसमें कप्तान सीन विलियम ने 101 गेंदों पर 174 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 21 चौके और 5 छक्के लगाए गए थे। विलियम्स की पारी किसी भी जिंबाब्वे क्रिकेटर द्वारा इस फॉर्मेट में बनाया गया सबसे तेज शतक भी थी।
जिंबाब्वे की टीम ने गेंदबाजी में भी डोमिनेंस दिखाते हुए यूएसए की टीम को 25.1 ओवर में 104 रन पर ही ढेर कर दिया। क्रिकेट के नए शिशू की एक नहीं चली और उन्होंने जिम्बॉब्वे के सभी गेंदबाजों को विकेट दिया। जिंबाब्वे की ओर से रिचर्ड नगारवा और सिकंदर रजा ने 2-2, ब्रेड इवांस, ल्यूक जोंग्वे और रेयान बर्ल ने 1-1 विकेट लिया।
इसके साथ ही जिंबाब्वे की टीम ग्रुप-ए में 4 मुकाबले खेल कर, चारों ही जीतकर, 8 अंक हासिल करते हुए सबसे ज्यादा रन रेट के साथ नंबर 1 पर है। इस ग्रुप से नीदरलैंड और वेस्टइंडीज ने भी क्वालीफाई किया है। वेस्टइंडीज की टीम इस ग्रुप में तीसरे स्थान पर रही। इस ग्रुप में नेपाल और यूनाइटेड स्टेट्स बाहर हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications