Women's World Cup : झूलन गोस्वामी ने किया कमाल, की विश्व कप रिकॉर्ड की बराबरी
नई दिल्ली। अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने आईसीसी महिला विश्व कप में कमाल कर दिखाया है। दरअसल, झूलन गोस्वामी ने विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक विकेट लेने के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। भारत ने गुरुवार को हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में अपने दूसरे लीग मैच में मेजबान न्यूजीलैंड को 50 ओवर में 260 रनों पर रोका। झूलन ने विश्व कप में अपना 39वां विकेट लेने के लिए न्यूजीलैंड की पारी के अंतिम ओवर में केटी मार्टिन को आउट करने के लिए एक शानदार यॉर्कर फेंकी।

गोस्वामी ने 9 ओवर फेंके और 41 रन देकर 1 विकेट लिया। इसी के साथ झूलन ने ऑस्ट्रेलिया के लिन फुलस्टन के रिकॉर्ड की बराबरी की, जिन्होंने 1982 और 1988 के बीच विश्व कप में 39 विकेट लिए थे। वहीं अब झूलन गोस्वामी के नाम भी विश्व कप इतिहास में खेले 30 मैचों में 39 विकेट दर्ज हो चुके हैं। यह गोस्वामी का आखिरी विश्व कप भी है। वह विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक विकेट लेने का रिकाॅर्ड भी अपने नाम कर सकती हैं। ऐसा करने के लिए उन्हें अब 1 विकेट की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- 'हार्दिक में ऐसे गुण हैं जो उन्हें एक सफल कप्तान बना सकते हैं', जानिए किसने कहा ऐसा
विश्व कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज-
लिन फुलस्टोन- ऑस्ट्रेलिया, 20 मैच, 39 विकेट
झूलन गोस्वामी- भारत, 30 मैच, 39 विकेट
केरोले होजेस इंग्लैंड, 24 मैच, 37 विकेट
क्लेयर टेलर इंग्लैंड, 26 मैच, 36 विकेट
कैथरिन फिट्जपैट्रिक- ऑस्ट्रेलिया, 25 मैच, 33 विकेट
बता दें कि झूलन ने अपने करियर में 12 टेस्ट, 197 वनडे और 68 टी20 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 44 विकेट लिए, जबकि वनडे में 248 विकेट लिए हैं। टी20 इंटरनेशनल में झूलन ने अब तक 56 विकेट लिए हैं।
मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। न्यूजीलैंड की टीम को सूजी बेट्स (5) के रूप में पहला झटका लगा, जिन्हें पूजा वस्त्राकर ने रन आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद सोफी डिवाइन (35), अमेलिया केर (50) और एमी सैटरथवेट (75) की शानदार पारियों के दम पर भारत के सामने 261 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत की ओर से पूजा वस्त्राकर ने 4 विकेट लिए, वहीं राजेश्वरी गायकवाड को दो विकेट मिले।












Click it and Unblock the Notifications