दी गई सुविधाएं लो या खुद से करो व्यवस्था, एशियन गेम्स में BCCI को मिला दो टूक जवाब, नहीं मिलेगा अलग से होटल
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीमों की होटल व्यवस्था को लेकर भारतीय ओलंपिक संघ और बीसीसीआई के बीच मामला खींचतान वाला हो गया है। भारतीय ओलंपिक संघ ने क्रिकेटरों के लिए अलग या विशेष आवास की मांग को स्वीकार नहीं किया है।
आईओए ने बीसीसीआई को यह ऑप्शन जरूर दिया है कि अगर आयोजन समिति की ओर से तय होटल उसकी जरूरतों के मुताबिक नहीं हैं तो वह खिलाड़ियों के लिए अपनी व्यवस्था कर सकता है। साफ़ कहा गया है कि जो दिया जा रहा है, उसे स्वीकार करो या खुद से अलग व्यवस्था करो।

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक आईओए के सीईओ रघुराम अय्यर ने कहा कि बीसीसीआई के सीईओ हेमंग अमीन ने इस मुद्दे पर उनसे बातचीत की है। बीसीसीआई जापान में एक एडवांस टीम भेजकर होटल, मैदान और दूसरी सुविधाओं का जायजा लेने की तैयारी में है। निरीक्षण के बाद बोर्ड तय करेगा कि आयोजन समिति की व्यवस्था का इस्तेमाल करना है या फिर अपने स्तर पर इंतजाम करना है।
आयोजन समिति ने भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम के लिए पहले ही होटल तय कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पुरुष टीम को एपीए होटल नागोया एकिमाए में ठहराया जाना है, जबकि महिला टीम के लिए मीतेत्सु ग्रैंड होटल निर्धारित किया गया है। पुरुष टीम का थ्री स्टार और महिला टीम का होटल फॉर स्टार बताया जा रहा है।
बीसीसीआई की चिंता सिर्फ होटल को लेकर नहीं है। खिलाड़ियों के लिए ट्विन-शेयरिंग व्यवस्था भी बोर्ड के लिए विचार का विषय बनी हुई है। ऐसे में बीसीसीआई अपनी टीम को भेजकर यह देखना चाहता है कि खिलाड़ियों के रहने, खाने, आने-जाने और ट्रेनिंग से जुड़ी जरूरतों को वहां किस तरह पूरा किया जा सकता है।
अगर बीसीसीआई आधिकारिक आवास से अलग होटल चुनता है तो उसकी जिम्मेदारी भी उसी की होगी। आईओए के मुताबिक ऐसे मामले में खिलाड़ियों के कमरे, फूड, ट्रेवल और मुकाबले के समय खिलाड़ियों के समय पर आयोजन स्थल पहुंचने की पूरी जिम्मेदारी बीसीसीआई को उठानी होगी। आईएए के अनुसार सभी खेलों के प्लेयर्स के लिए समान व्यवस्था उसका उद्देश्य है, किसी एक गेम के लिए अलग से व्यवस्था नहीं हो सकती।


Click it and Unblock the Notifications
