Who Will Win 2nd Test: भारत बनाम इंग्लैंड का दूसरा टेस्ट कौन जीतेगा? एक्शन से पहले जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड
Who Will Win 2nd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला आज यानि 2 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। इंग्लैंड ने लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में 5वें दिन रोमांचक अंदाज में जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा टेस्ट मैच भारतीय समयानुसार शाम 3:30 बजे से शुरू होगा।
टेस्ट क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड अब तक कुल 136 बार आमने-सामने हो चुके हैं। इनमें से 51 मैच इंग्लैंड ने जीते हैं जबकि भारत के खाते में 35 जीत दर्ज हैं। 50 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

ENG vs IND: एजबेस्टन का रिकॉर्ड
अगर बात सिर्फ एजबेस्टन की करें, तो यहां भारत का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। भारत ने यहां अब तक 8 टेस्ट खेले हैं, लेकिन एक भी मैच नहीं जीता है। सात मुकाबले हार चुका है जबकि सिर्फ एक ड्रॉ करा पाया है। साल 2022 में भी भारत यहां 378 रन का बचाव नहीं कर पाया था और इंग्लैंड ने उसे 7 विकेट से मात दी थी।
पहले बैटिंग का फायदा, लेकिन स्पिन की अहमियत
एजबेस्टन में टेस्ट मैचों का इतिहास बताता है कि यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना फायदेमंद रहा है। अब तक यहां खेले गए 56 टेस्ट में 29 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि गेंदबाजी करने वाली टीम सिर्फ 12 बार। बाकी 15 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।
टीम इंडिया के सामने बुमराह की उपलब्धता सबसे बड़ा सवाल
पहले टेस्ट में हार के बाद टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर चर्चा तेज है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जसप्रीत बुमराह को इस मैच में आराम दिया जाएगा? अगर ऐसा होता है, तो आकाश दीप को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है। साथ ही, नंबर 8 पर बदलाव की चर्चा है।
शार्दुल ठाकुर के ठंडे प्रदर्शन के बाद वॉशिंगटन सुंदर को एक ऑलराउंडर के तौर पर शामिल किया जा सकता है, क्योंकि एजबेस्टन की पिच पर ऑफ स्पिनरों का हालिया रिकॉर्ड बेहतर रहा है। भारत को यह तय करना है कि वह 7 बल्लेबाजों और 4 गेंदबाजों के साथ उतरेगा या बैलेंस बनाने के लिए एक स्पिन ऑलराउंडर को लाएगा।
इंग्लैंड बिना बदलाव के उतरेगा, आत्मविश्वास से भरी प्लेइंग इलेवन
दूसरी ओर इंग्लैंड ने अपनी विजेता प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। जोफ्रा आर्चर अब भी टीम के साथ हैं लेकिन मैच नहीं खेलेंगे। इंग्लैंड के लिए ज़ैक क्रॉली, बेन डकेट, जो रूट, और कप्तान बेन स्टोक्स जैसे खिलाड़ी लगातार लय में दिख रहे हैं। गेंदबाज़ी की जिम्मेदारी क्रिस वोक्स, टंग और बशीर के पास है। टीम अपने घरेलू हालात में आत्मविश्वास से भरपूर है और उसी आक्रामक रुख के साथ खेलेगी, जो 'बाज़बॉल' एप्रोच का हिस्सा है।
क्या भारत जीत पाएगा? या एजबेस्टन फिर 'किला' बनेगा इंग्लैंड के लिए?
भारत के पास इस टेस्ट में वापसी करने का मौका है, लेकिन इसके लिए उन्हें बड़े फैसले लेने होंगे- चाहे वो बुमराह को खिलाने का हो या टीम कॉम्बिनेशन बदलने का। रवींद्र जडेजा जैसी सीनियर खिलाड़ियों को भी अब गेंद से असर डालना होगा, क्योंकि पिछले 4 टेस्ट में उन्होंने सिर्फ 5 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड की बल्लेबाजी गहराई तक मजबूत है और वह घरेलू माहौल में आत्मविश्वास से लबरेज हैं।
इस माहौल में भारत को टेस्ट जीतने के लिए सिर्फ बुमराह जैसे स्टार नहीं, बल्कि पूरी टीम को एक सुर में प्रदर्शन करना होगा। बर्मिंघम का शहर इस वक्त 'हेवी मेटल' के मूड में है, और भारतीय टीम को भी उसी जोश के साथ मैदान में उतरना होगा। मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है, लेकिन घरेलू हालात में इंग्लैंड को थोड़ी बढ़त मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications