सब बैठे थे, पर विव रिचर्ड्स के लिए कोहली सीट से उठे, सामने आई पुरानी घटना
नई दिल्ली। विराट कोहली आज बुरे दाैर से गुजर रहे हैं। उनके बल्ले से रन निकला बंद से हो गए हैं। साल 2019 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय शतक भी उनके बल्ले से नहीं निकल पाया है। आईपीएल 2022 में भी वह संघर्ष करते दिख रहे हैं और सस्ते में आउट हो रहे हैं। ऐसे में फैंस उनके प्रदर्शन से निराश हैं तो वहीं कई पूर्व दिग्गज क्रिकेटर इस बुरे दाैर में कोहली का साथ दे रहे हैं। कोहली एक महान खिलाड़ी हैं जिन्होंने ना सिर्फ रनों का अंबार लगाया है बल्कि बताैर कप्तान भारत को विदेशों में जीत दिलाई। अब पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज विवेक राजदान ने एक घटना सुनाई है जो दर्शाती है कि कोहली भले ही मैदान पर गुस्सा करते दिखते हों, लेकिन दिल के बहुत नरम हैं।
यह भी पढ़ें- होटल के अंदर रिकी पोंटिंग ने की तोड़फोड़, दिल्ली की हार नहीं कर पाए बर्दाश्त

कोहली मदद के लिए आए थे आगे
राजदान ने स्पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए सुनाया कि आखिर कैसे एक बार फ्लाइट में कोहली ने सर विवियन रिचर्ड्स का दिल जीत लिया था। इतना ही नहीं, बल्कि रिचर्ड्स ने भी फिर कोहली की पीठ थपथपाई थी। यह बात 2019 की है जब भारतीय टीम द्विपक्षीय सीरीज के लिए विंडीज दाैरे पर था। ऐसा हुआ कि विव रिचर्ड्स अपने बैग के साथ प्रवेश कर गए, लेकिन उन्हें ओवरहेड लॉकर में जगह नहीं मिली क्योंकि सभी भरे हुए थे और कोहली के अलावा किसी अन्य खिलाड़ी ने तब उनकी मदद करने की जहमत नहीं उठाई थी।

कोहली को छोड़कर कोई नहीं उठा था
राजदान ने कहा, "2019 में भारत टेस्ट और वनडे मैचों के लिए वेस्टइंडीज पहुंचा था। सभी मैच अलग-अलग द्वीपों में हो रहे थे और इसके कारण, वेस्टइंडीज क्रिकेट ने एक बड़ी उड़ान की व्यवस्था की, जिसमें हर कोई खिलाड़ी, प्रोडक्शन क्रू, बोर्ड के सदस्य और अन्य सदस्य सफर करते थे। एंटीगुआ में मैच खत्म होने के बाद हम सभी जमैका जा रहे थे। खिलाड़ी पहले फ्लाइट में सवार हुए, उसके बाद प्रोडक्शन क्रू भी फ्लाइट में आए, साथ ही कमेंट्री टीम में सुनील गावस्कर, विव रिचर्ड्स शामिल भी थे।"
उन्होंने आगे कहा, "क्या हुआ कि खिलाड़ी बैठे थे, और जहाज उड़ान लगभग भर चुका था। सर विवियन रिचर्ड्स अपने बैग के साथ फ्लाइट में दाखिल हुए लेकिन ओवरहेड लॉकर में जगह नहीं होने के कारण उन्हें जगह नहीं मिली। वह बहुत चिंतित हो रहे थे और अलग-अलग लॉकर खोलने लगे कि कहीं जगह तो नहीं है। अचानक मैंने देखा कि विराट कोहली उठकर सबका सामान समेटने लगे। सब बैठे रहे और कोहली को छोड़कर कोई नहीं उठा। अब, यह मत भूलो कि कोहली उस समय न केवल भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान थे, बल्कि वह विश्व क्रिकेट में सबसे बड़ा नाम थे। अंत में कोहली ने अपना सामान खुद आगे बढ़ाया, सीट के नीचे अपने सामने रखा और सर रिचर्ड्स के सामान के लिए जगह बनाई। सर विव ने उनके कंधे पर थपथपाया और कहा 'धन्यवाद'। "

लगभग तीन साल से नहीं आया शतक
इस बीच, वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में कोहली ने अपना आखिरी वनडे शतक बनाया, जो 50 ओवर के प्रारूप में उनका 43 वां शतक था। अब लगभग तीन साल हो सकते हैं, लेकिन यह कोई मामूली उपलब्धि नहीं है क्योंकि सचिन तेंदुलकर ने अपने पूरे करियर में कुल 49 वनडे शतक लगाए थे। अभी भी उम्मीद है कि कोहली शतकों के मामले में उनसे आगे निकल जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications