WTC Final 2023: कोहली की 'महानता' की कहानी ऑस्ट्रेलियाई टीम की जुबानी, किसने क्या कहा, जानें इसके मायने
IND vs AUS Virat Kohli: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में आस्ट्रेलिया के किस खिलाड़ी ने विराट कोहली के बारे में क्या-क्या कहा और उसका क्या महत्व है, आइए देखते हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ (IND vs AUS) वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final 2023) मुकाबला खेलने के लिए आखिरी तैयारियां कर रही है। विराट कोहली (Virat Kohli) पर नजरें खास तौर पर हैं क्योंकि उनको आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना भाता है। ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाड़ी विराट कोहली के खतरे के प्रति सावधान हैं और उन्होंने मैच से पहले विराट की काफी तारीफ की है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने आईसीसी से के साथ यह सब बातें की है। आइए देखते हैं आस्ट्रेलिया के किन किन खिलाड़ियों ने विराट कोहली के लिए क्या क्या कहा और इसके क्या मायने हैं।
स्टीव स्मिथ कहते हैं, "वह एक सुपरस्टार हैं जो हमारे खिलाफ खेलना पसंद करते हैं।"
इस बात के मायने- यह बात बिल्कुल सही है क्योंकि विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैचों की 42 पारियों में 48.6 की औसत के साथ 1979 रन बना चुके हैं जिसमें उन्होंने 8 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं।
कंगारू कप्तान पैटकमिंस कहते हैं, "विराट हमेशा फाइट के लिए तैयार रहते हैं।"
क्या मायने हैं- यहां विराट कोहली के आस्ट्रेलिया के खिलाफ मेंटल गेम की बात करनी होगी जहां वे कंगारुओं की आक्रामक मानसिकता का जवाब बिल्कुल उसी अंदाज में देते हैं। चाहे 2014 की सीरीज में मिशेल जॉनसन को 'फ्लाइंग किस' भेजना हो या फिर स्टीव स्मिथ को अपनी हदों में रहने के लिए कहना हो।
2018-19 की सीरीज के दौरान विराट कोहली ने टिम पेन को भी सबक सिखाने के लिए तू तू मैं मैं की थी। इससे पिछली बॉर्डर गावस्कर सीरीज में भी कोहली और स्मिथ के बीच आंखों ही आंखों में जंग हो चुकी थी। जब भी स्लेजिंग की बात आती है तो ऑस्ट्रेलियाई विपक्षी खिलाड़ियों पर रहम नहीं करते लेकिन सामने विराट कोहली हों तो वे छींटाकशी से उतनी ही बार और मजबूत बनकर उभरे हैं। इसलिए पैटकमिंस एंड कंपनी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में शायद ही विराट से पंगा लेना चाहेगी।
डेविड वॉर्नर का कोहली के बारे में कहना है, "विश्वसनीय कवर ड्राइव।"
इसके मायने- विराट कोहली और बाबर आजम के कवरड्राइव दुनिया में सबसे अधिक दर्शनीय है। कोहली जब कवरड्राइव लगाते हैं तो बाबर आजम से इसकी तुलना होती है। बाबर आजम जब ऐसा करते हैं तो विराट कोहली से इसकी तुलना होती है। इन दोनों को ही इस समय सर्वश्रेष्ठ कवरड्राइव लगाने वाले बल्लेबाजों में गिना जाता है।
मारनस लाबुशेन- "विराट कोहली महान खिलाड़ियों में एक है।"
यहां विराट कोहली के टेस्ट रिकॉर्ड को देखने के बाद आप समझ जाएंगे कि लाबुशेन ने ऐसा क्यों कहा। 34 साल के कोहली ने 108 टेस्ट मैच की 183 पारियों में लगभग 49 की औसत के साथ 8416 रन बना दिए हैं जिसमें उन्होंने 28 शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं।
कैमरन ग्रीन कोहली को मैन ऑफ इंडिया बताते हैं।
यानी भारत की सबसे चर्चित हस्तियों में एक। कोहली जिस तरह का पैशन और फिटनेस खेल में लेकर आते हैं उसने भारत में फिटनेस कल्चर को पूरी तरह से बदला है। खेल में खिलाड़ियों के अंदर कहीं अधिक आक्रामकता ही है। कोहली के सोशल मीडिया पर करोड़ों फॉलोअर्स हैं। कई बार विराट के शब्द युवाओं की आवाज बन जाते हैं।
मिचेल स्टार्क ने कहा, "विराट कोहली स्किलफुल है और एक लंबे समय से डोमिनेट कर रहे हैं। वे भारतीय क्रिकेट के मिडिल ऑर्डर की जान है।"
इस बात की विशेषता- विराट कोहली ने 2008 में अपना वनडे डेब्यू किया था। टेस्ट डेब्यु उन्होंने 2011 में किया। क्रिकेट में डेढ़ दशक से सक्रिय विराट कोहली ने लंबे समय से डोमिनेट किया है। वे नंबर 3 पर भारतीय टीम का मजबूत स्तंभ रहे हैं।
विराट कोहली शास्त्रीय किस्म के बल्लेबाज हैं जिन्हें आप क्लासिक खिलाड़ी कहते हैं। ऐसे खिलाड़ी एबी डिविलियर्स की तरह 360 डिग्री पर नहीं खेलते लेकिन कलात्मक अंदाज में मैदान के हर कोने पर रन बनाना जरूर जानते हैं। इनके पास हर तरह के किताबी शॉट होते हैं और वह विकट परिस्थितियों में भी आपको भरोसेमंद दिखाई देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications