भारत के खिलाफ सबसे कम T20I टारगेट डिफेंड करने वाली चौथी टीम बनी वेस्टइंडीज, नंबर एक पर कौन है?
West Indies stun India in first T20: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने पांच मैचों की T20 सीरीज की बढ़िया शुरुआत करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम को एक लो-स्कोरिंग मुकाबले में 4 रनों के मामूली अंतर से हरा दिया। हार और जीत का अंतर जितना करीब लगता है, ये मैच अंत में आकर वास्तव में इतना करीब नहीं था।
क्योंकि वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने अंतिम समय में भारतीय बल्लेबाजी को एक तरीके से बांध दिया था और अंतिम ओवर तक गेंदबाजी आते-आते भारत के मुख्य बल्लेबाज आउट हो गए थे। खासकर अक्षर पटेल के जाने के बाद जीत की उम्मीदें धुंधली हो गई थी।

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 149 रनों का स्कोर बनाया था। जवाब में भारतीय पारी इतने ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 145 रन ही बना सकी। यह T20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में किसी भी टीम द्वारा भारत के खिलाफ सफलतापूर्वक तरीके से डिपेंड किया गया चौथा सबसे कम स्कोर है।
नंबर 1 पर न्यूजीलैंड की टीम है जिसने 2016 में नागपुर में भारत के खिलाफ 7 विकेट पर 126 रन का स्कोर बनाया था और फिर भी मैच जीत लिया था। इसके बाद नंबर दो पर साउथ अफ्रीका की टीम है जिन्होंने 2009 में नॉटिंघम में टीम इंडिया के खिलाफ 5 विकेट पर 130 का स्कोर भी सफलतापूर्वक डिफेंड कर लिया था।
नंबर 3 पर जो नाम है, वह हैरान करने वाला है और यह है 2015 में हरारे में हुए मुकाबले के दौरान जिंबाब्वे की टीम, जिन्होंने भारत के खिलाफ 7 विकेट के नुकसान पर 145 रनों का स्कोर बनाया था, और फिर भी भारतीय टीम मैच हार गई थी।
यह भी पढ़ें- जेसन होल्डर को मिली डर के आगे जीत, जिन 2 खिलाड़ियों से था खतरा, उनके ही खिलाफ बने 'प्लेयर ऑफ मैच'
आज के मुकाबले की बात करें, तो वेस्टइंडीज की ओर से निकोलस पूरन ने 34 गेंदों पर 41 रनों की पारी खेली थी। कप्तान रौवमैन पावेल ने 32 गेंदों पर 48 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजी में अर्शदीप और युजवेंद्र चहल को दो-दो विकेट मिले। भारत की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही और डेब्यूटेंट तिलक वर्मा ही सर्वोच्च स्कोरर रहे, जिन्होंने 22 गेंदों पर 39 रन बनाए।
सूर्यकुमार यादव कैरेबियन टूर पर एक और फ्लॉप पारी खेलते हुए 21 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। इस मैच में संजू सैमसन, अक्षर पटेल को भी एक साथ मौका दिया गया था और दोनों ने कुछ खास नहीं किया। वेस्टइंडीज की ओर से 4 ओवर में एक मेडन देकर 19 रन खर्च करके, दो अहम विकेट (हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव) लेने वाले जेसन होल्डर को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications