'सूर्यकुमार को फिर होगी मुश्किल...,' वसीम जाफर ने श्रेयस अय्यर-केएल राहुल की वापसी से पहले की ये मांग
West Indies vs India, 2nd ODI: वेस्टइंडीज और इंडिया के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कैरेबियन टीम ने जीत लिया है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम को 6 विकेट से हराकर वेस्टइंडीज ने सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। इस बीच पहले और दूसरे मैच में खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार यादव के लिए वसीम जाफर ने तीसरे वनडे में एक और मौका देने की गुहार लगाई है।
वसीम जाफर ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो से बातचीत के दौरान कहा कि, मुझे लगता है कि उन्हें तीसरे वनडे में एक और मौका मिलना चाहिए और शायद ऐसा होगा भी। इसके बाद केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी होगी और फिर उन्हें टीम में जगह बनाने में मुश्किल होगी। जिस तरह की वह बल्लेबाजी करते हैं हम सभी ने देखा है कि वह हाई रिस्क लेना पसंद करते हैं, वह बाउंड्री लगाने के चक्कर में अपना विकेट गंवा देते हैं।'

जाफर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत की हार के बाद कहा कि, 'जोखिम भरा विकल्प लेना उनका स्वभाव है और उन्हें विशेषकर इस फॉर्मेट में इसे बदलने की जरूरत है। दरअसल, अय्यर और राहुल दोनों चोट के कारण टीम से बाहर हैं। चोट के कारण केएल राहुल पूरे आईपीएल 2023 सीजन में भी नहीं खेल पाए। फिलहाल, दोनों खिलाड़ी वर्तमान में एनसीए में हैं।
वहीं टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का मानना है कि टी20 के विपरीत, जब वनडे फॉर्मेट की बात आती है तो सूर्यकुमार ने पर्याप्त 'प्रतिस्पर्धी मैच' नहीं खेले हैं और इसलिए वह अभी भी सीख रहे हैं। द्रविड़ ने कहा कि, 'मुझे लगता है कि सूर्या वास्तव में एक अच्छे खिलाड़ी हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है। उनके प्रदर्शन से पता चला है कि विशेष रूप से टी20 क्रिकेट में यहां तक कि घरेलू सफेद गेंद क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है।'












Click it and Unblock the Notifications