'T20 World Cup में ऋषभ पंत को टीम से बाहर रखना होगा सही फैसला', मैच से पहले भारतीय दिग्गज का बड़ा बयान
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत के चयन के बाद से ही उन पर कई तरह की चर्चाएं की जा रही है। ऋषभ पंत टी-20 फॉर्मेट में कुछ खास कमाल नहीं कर सके हैं, ऐसे में संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को मौका देने
नई दिल्ली, 20 सितंबर। टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत के चयन के बाद से ही उन पर कई तरह की चर्चाएं की जा रही है। ऋषभ पंत टी-20 फॉर्मेट में कुछ खास कमाल नहीं कर सके हैं, ऐसे में संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को मौका देने की बात की जा रही थी। लेकिन खराब प्रदर्शन के बावजूद टीम मैनजमेंट ने वर्ल्ड कप के लिए पंत के साथ जाने का मन बनाया।

वर्ल्ड कप में पंत की जगह कार्तिक को मिले मौका
पूर्व ओपनर भारतीय खिलाड़ी वसीम जाफर ने अब ऋषभ पंत को लेकर बड़ी बात कही है। जाफर के मुताबिक पंत भारतीय टीम के मिडल ऑर्डर में फिट नहीं बैठते हैं, लिहाजा उन्हें वर्ल्ड कप में प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना ही ठीक होगा। जाफर ने कहा कि पंत से या तो ओपनिंग कराना चाहिए या तो उन्हें बाहर छोड़ देना चाहिए। दिनेश कार्तिक को उनसे पहले खेलना चाहिए क्योंकि उन्होंने अंत के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की है।

टी-20 में मिडल ऑर्डर के बल्लेबाज नहीं हैं पंत
ईएसपीएन क्रिकइन्फो से बात करते हुए जाफर ने कहा कि भारत को यह सोचने की जरूरत है कि उन्हें पंत को टीम में रखना है या नहीं? मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से ऋषभ पंत टीम में 4 या 5 नंबर पर फिट नहीं होते हैं, उनकी सबसे अच्छी जगह ओपनिंग बल्लेबाजी है। इसलिए मुझे लगता है कि विश्व कप में ऋषभ पंत को बाहर करना सबसे अच्छी बात होगी। पंत की जगह मिडल ऑर्डर में कार्तिक को रखा जाना बेहतर होगा।

पाकिस्तान के खिलाफ गलत समय लगाया रिवर्स स्वीप शॉट
टीम जब मुश्किल में होती है तब बल्लेबाज की कोशिश स्कोर को आगे बढ़ाते हुए एक बड़ी पारी खेलने की होती है। लेकिन ऋषभ पंत ने कई मौकों पर ऐसा काम किया है जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में जब भारतीय बल्लेबाज दबाव में थे, तब पंत ने गलत समय रिवर्स स्वीप शॉट लगातार अपना विकेट गंवा दिया था।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जाफर ने चुनी प्लेइंग इलेवन
केएल राहुल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल। बता दें कि भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली सीरीज काफी अहम होगी ऐसे में इन सीरीज में भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर फैंस के साथ-साथ चयनकर्ताओं की नजरें बनी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications