'वसीम भाई को बहुत जल्दी गुस्सा आता है', इंजमाम-उल-हक ने सरेआम उड़ाया अकरम का मजाक
PSL 2023, Karachi Kings vs Peshawar Zalmi: कराची किंग्स की शुरुआत पीएसएल में कुछ खास नहीं रही है। कराची को अपने पहले मैच में पेशावर के हाथों 2 रनों से हार का सामना करना पड़ा है।

PSL 2023, Karachi Kings vs Peshawar Zalmi: पाकिस्तान सुपर लीग के आठवें सीजन का आगाज किया जा चुका है। गुरुवार को पीएसएल में कराची किंग्स का सामना इस्लामाबाद यूनाइटेड से होना है। पेशावर जाल्मी से हार का सामना करने के बाद कराची किंग्स की कोशिश टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करने की होगी। वहीं इस्लामाबाद यूनाइटेड लीग के अपने पहले मैच को जीतने की कोशिश करेगी।

कराची किंग्स के गेंदबाजी कोच हैं अकरम
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम अक्सर अपनी बयानबाजी के कारण चर्चांओं में बने रहत हैं। पाकिस्तान सुपर लीग में वसीम अकरम कराची किंग्स के गेंदबाजी कोच हैं। कराची को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर इंजमाम-उल-हक ने अपने हमवतन पूर्व गेंदबाज वसीम अकरम के एक बड़े राज से पर्दा उठाया है। इंजमाम-उल-हक ने पीएसएल मैच के दौरान बातचीत में अकरम को लेकर बड़ा बयान दिया है।

वसीम अकरम को जल्दी आता है गुस्सा
दरअसल, पाकिस्तान के ही पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने इंजमाम से पूछा कि पेशावर जाल्मी और कराची किंग्स के बीच मैच के दौरान क्या वसीम अकरम टेंशन में थे? इस पर इंजमाम-उल-हक ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वसीम अकरम बहुत जल्दी गुस्सा हो जाते हैं। अफरीदी से इंजमाम ने कहा कि वसीम भाई को गुस्सा बहुत जल्दी आता है और इस दौरान वह जिस तरह के अल्फाज इस्तेमाल करते हैं उनसे आप अच्छी तरह वाकिफ होंगे।

रोमांचक मुकाबले में दो रनों से हारी कराची
इंजमाम ने जिस तरीके से वसीम अकरम की बात की, उसे सुनकर अफरीदी और मिस्बाह उल हक अपनी हंसी रोक नहीं पाए। इंजमाम ने कहा कि प्रेशर सिचुएशन में ड्रेसिंग रूम में इस तरह का माहोल बनना आम बात है। जब भी करीबी मुकाबला होता है तो वसीम अकरम तनाव में आ जाते हैं। लाहौर और मुल्तान ने भी इसी तरह का करीबी मैच खेला था। ऐसे मुकाबलों से खिलाड़ियों को भी काफी कुछ सीखने को मिलता है। बता दें कि कराची को पेशावर ने एक रोमांचक मुकाबले में दो रनों से मात दी थी।












Click it and Unblock the Notifications