'मेरे बेटे को अच्छा खेलने पर भी करते हैं बाहर,' भड़क गए वॉशिंगटन सुंदर के पिता, टीम मैनेजमेंट पर लगाए बड़े आरोप
Washington Sundar: मैनचेस्टर टेस्ट मैच में जिस तरह वॉशिंगटन सुंदर ने जोश के साथ बैटिंग की, उसकी जमकर तारीफ हो रही है। सुंदर ने जडेजा के साथ मिलकर 200 से ज्यादा रनों की भागीदारी की और मुकाबला ड्रॉ कराते हुए इंग्लैंड के अरमानों पर पानी फेरने का काम किया।
वॉशिंगटन सुंदर और जडेजा दोनों ने शतकीय पारियां खेली। इस बीच सुंदर के पिता एम सुंदर ने टीम मैनेजमेंट के ऊपर बड़ा आरोप जड़ा है। उन्होंने सुंदर के साथ भेदभाव होने जैसी बात कही है। वॉशिंगटन सुंदर के पिता का मानना है कि उनके बेटे को उतने मौके नहीं मिलते।

टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक वॉशिंगटन सुंदर के पिता ने कहा कि मेरा बेटा लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन फिर भी लोग उसके योगदान को नज़रअंदाज़ कर देते हैं। जहां दूसरे खिलाड़ियों को बार-बार मौके दिए जाते हैं, वहीं मेरे बेटे को ऐसे अवसर नहीं मिलते।
उन्होंने यह भी कहा कि चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में जैसे उसने (वॉशिंगटन) पांचवें नंबर पर बल्लेबाज़ी की, वैसे ही उसे नियमित रूप से उसी क्रम पर खेलने का मौका मिलना चाहिए, कम से कम पांच से दस मैच लगातार ऐसे मिलने चाहिए। यह वाकई चौंकाने वाली बात थी कि इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में उसे टीम में शामिल नहीं किया गया। चयनकर्ताओं को उसके प्रदर्शन को गंभीरता से देखना चाहिए।
सुंदर के पिता ने कहा कि मेरे बेटे को तो सिर्फ एक-दो मैच खराब जाने पर ही बाहर कर दिया जाता है, जो बिल्कुल भी सही नहीं है। 2021 में उसने इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई की टर्निंग पिच पर नाबाद 85 और अहमदाबाद में नाबाद 96 रन बनाए थे। ऐसी पारियों के बावजूद उसे लगातार मौके नहीं मिलते।
उन्होंने गुजरात टाइटंस पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि आईपीएल में उसे पूरे मौके नहीं मिले। मुंबई इंडियंस के खिलाफ उसने 24 गेंदों में 48 रन बनाकर अपनी क्षमता दर्शाई थी। यशस्वी जायसवाल को देखो, राजस्थान रॉयल्स से उसे पूरा समर्थन मिलता है।
उल्लेखनीय है कि वॉशिंगटन सुंदर ने अपना टेस्ट डेब्यू साल 2021 में किया था और 4 सालों में महज 11 मुकाबले ही खेल पाए हैं। उनके पास बैटिंग के अलावा गेंदबाजी की क्षमता भी है। वह टीम इंडिया के लिए एक धाकड़ ऑल राउंडर बनकर निकल सकते हैं। मैनचेस्टर में उन्होंने अपने करियर का पहला टेस्ट शतक जमाया।












Click it and Unblock the Notifications