Yashasvi Jaiswal: 'मेरे पिता रोने लगे...,' टेस्ट टीम में एंट्री के बाद इमोशनल हुए यशस्वी जायसवाल
India's Test Squad: बीसीसीआई (BCCI) ने शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। भारत की 16 सदस्यीय टेस्ट टीम में युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) को वेस्टइंडीज (India vs West Indies) दौरे के लिए शामिल किया गया है।
यशस्वी को पहली बार टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका मिला है। उन्होंने आईपीएल 2023 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। टीम इंडिया में शामिल होने के बाद यशस्वी का पहला रिएक्शन भी सामने आ चुका है।

टेस्ट टीम में एंट्री के बाद इमोशनल हुए यशस्वी
युवा बल्लेबाज ने शुक्रवार देर रात पीटीआई से बातचीत के दौरान बताया कि वह भारतीय टेस्ट टीम में बुलाए जाने की संभावना से घबराए हुए थे और उत्साहित भी थे, एक सपना जो दिन में हकीकत में बदल गया। उन्होंने कहा कि, 'मेरे पिता रोने लगे जब उन्हें पता चला। मैं अभी तक अपनी मां से नहीं मिला हूं, मैं कुछ देर में उनसे मिलने जा रहा हूं। मैं सुबह से बाहर था, प्रैक्टिस सेशन के साथ-साथ कुछ अन्य काम भी था।'
जयसवाल ने कहा कि वह वेस्टइंडीज दौरे की तैयारियों के लिए शायद कुछ दिनों में बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) जाएंगे। हाल ही में मुंबई में अपने घर लौटने के बाद जयसवाल ने खुलासा किया कि शुक्रवार को उनका दिन काफी व्यस्त था, क्योंकि वह शूटिंग के बाद एक प्रैक्टिस में जुट गए थे और तभी उन्हें अपने भारतीय टीम में चयन के बारे में पता चला।
21 वर्षीय जयसवाल ने इस साल इंडियन प्रीमियर लीग में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया, जिसके बाद घरेलू मैच में लाल गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। इस महीने की शुरुआत में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के लिए जायसवाल रिजर्व खिलाड़ियों में से थे और सभी फॉर्मेट में खुद को साबित करने के बाद ही दो टेस्ट मैचों के लिए वेस्टइंडीज दौरे के लिए उन्हें शामिल किया गया है।
जयसवाल ने कहा कि, 'मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। मैं उत्साहित हूं लेकिन साथ ही मैं बाहर जाकर खुद को साबित करना चाहता हूं।' जयसवाल ने कहा कि जब तक उन्हें बीसीसीआई द्वारा घोषित टीम में अपना नाम देखने को नहीं मिला तब तक वह घबराए हुए थे।
उन्होंने बताया कि, 'मैं थोड़ा घबराया हुआ था, जब तक आपको पता नहीं चलता कि टीम में आपका नाम है, लेकिन यह एक अच्छा एहसास है। मेरी तैयारी अच्छी चल रही है और मुझे सीनियर खिलाड़ियों के साथ काफी बातचीत करने का मौका मिला। बातचीत बहुत सरल रही।'
'मैंने उनसे सीखा कि अंत में यह सब आपके बारे में है कि आप कैसे चीजों को सीखकर आगे बढ़ते हैं', जयसवाल ने कहा, उन्होंने भारत के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे जैसे अन्य वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ काफी बातचीत की है। मुंबई के आजाद मैदान में प्रैक्टिस करने वाले यशस्वी ने टेंट में कई रातें गुजारी हैं, और हर विपरीत परिस्थिति में भी खुद को मजबूत बनाए रखा, उनकी इस मेहनत की ही देन है कि अब हम युवा खिलाड़ी को टीम इंडिया के लिए खेलते देखेंगे
वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारत की 16 सदस्यीय टेस्ट टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, केएस भरत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जयदेव उनादकट, नवदीप सैनी।












Click it and Unblock the Notifications