Virat Kohli: वीरेंद्र सहवाग ने सचिन तेंदुलकर से की विराट की तुलना, बोले- दूसरे खिलाड़ियों को भी यह सीखना चाहिए
Virat Kohli: बांग्लादेश के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारत की सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की हो गई है। अभी तक विश्वकप में खेले गए चार में से तीन मैच में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया के कुल 6 अंक हो गए और भारतीय टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। आज के मैच में एक बार फिर से विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला और उन्होंने नाबाद 64 रनों की पारी खेली। जिस तरह की फॉर्म में विराट कोहली नजर आ रहे हैं उसको देखकर पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर से की है।

समझदार क्रिकेटर हैं विराट
वीरेंद्र सहवाग ने कहा विराट कोहली बहुत समझदार हैं, उनको पता है कि टीम का स्कोरबोर्ड चलना चाहिए, मेरा स्कोर चले ना चले। जब सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करने आए तो वह तेजी से रन बना रहे थे और टीम का स्कोरबोर्ड चल रहा था, इसलिए विराट कोहली को किसी तरह का रिस्क लेने की क्या जरूर है। उनके लिए तो सबसे अच्छा यह था कि वह एक रन लेते और सूर्यकुमार को स्ट्राइक देते।

तीन नंबर के बल्लेबाज के काम को जानते हैं विराट
जब विराट कोहली सेटल हो गए तो डाउन द ग्राउंड शॉट मारकर, फ्लिक मारकर रन बनाए। तीन नंबर के बल्लेबाज का काम गेम को चलाने का होता है, उसका काम होता है कि वो खड़ा रहता है, उसका मानना होता है कि आप रन बनाओ मैं, आउट नहीं होने वाला। कुछ ऐसा ही हुआ विराट कोहली ने अंत तक बल्लेबाजी की और टीम के स्कोर को 180 के पार तक लेकर गए। विराट कोहली आखिरी ओवर्स में ही तेज खेलते हैं और अपनी स्ट्राइक को 150 के आस-पास तक लेकर जाते हैं।

दूसरे खिलाड़ियों को सीखना चाहिए
सहवाग ने कहा कि विराट कोहली इतने सालों से यह करते आ रहे हैं, वह अंत तक खेलते हैं, नॉटआउट रहते हैं, अपने टीम के स्कोर को सम्मानजनक स्कोर के ऊपर लेकर जाते हैं। वह जब रन बनाते हैं तो वह 4-5 मैचों में लगातार रन बनाते हैं। इस टूर्नामेंट में वह सिर्फ एक बार आउट हुए हैं। यही खास बात सचिन तेंदुलकर की थी, जब वह रन बनाते हैं तो रुकते नहीं हैं। कुछ उसी तरह से विराट कोहली भी बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह दूसरे खिलाड़ियों के लिए सीखने वाली बात है, जब आप रन बनाते हैं तो बनाते जाइए।












Click it and Unblock the Notifications