वीरेंदर सहवाग ने खोले मदद के दरवाजे, बालासोर दुर्घटना के मृतकों के लिए किया बड़ा ऐलान
वीरेंदर सहवाग ने बालासोर दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा का ऑफ़र दिया है। सहवाग ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।

Balasore Accident, Virender Sehwag came forward: ओडिशा में हुई भंयकर ट्रेन दुर्घटना के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। सहवाग ने बच्चों की शिक्षा को लेकर अहम घोषणा की है। हर किसी ने सहवाग के इस काम की सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर मदद का ऐलान किया।
सहवाग ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के बच्चों को फ्री शिक्षा देने की घोषणा की है। उन्होंने ट्विटर पर मदद का ऐलान किया। सहवाग ने दुर्घटना की फोटो शेयर कर लिखा कि यह फोटो हमें लम्बे समय तक परेशान करेगी। दुःख की घड़ी में इतना तो मैं कर ही सकता हूं कि जान गंवाने वालों के बच्चों की शिक्षा का ध्यान रखूं। मैं ऐसे बच्चों को सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के बोर्डिंग फैसिलिटी में फ्री शिक्षा ऑफर करता हूं।
इसके अलावा सहवाग ने यह भी कहा कि मैं बचाव कार्यों में आगे रहने वाले बहादुर पुरुषों और महिलाओं को सलाम करता हूं। इनमें स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले डॉक्टर और वॉलंटियर्स भी हैं। इस घड़ी में हम सभी एक साथ हैं।
गौरतलब है कि ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे में 250 से भी ज्यादा लोगों की जान चली गई और काफी लोग घायल हुए थे। शुक्रवार शाम को यह हादसा हुआ था। उसके बाद से बचाव और राहत कार्य चल रहा था। अब ट्रेक ठीक करने का कार्य चल रहा है। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना का कारण पता चल गया है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने घटनास्थल का दौरा किया था। रेल मंत्री रात को भी वहीँ थे। पीएम मोदी ने इस घटना के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। आज रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने बताया कि इस घटना की जांच के लिए सीबीआई को अनुशंसा की गई है। दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि घटना में जिम्मेदार लोगों की पहचान भी की गई है।












Click it and Unblock the Notifications