बहुत हुई बयानबाजी.. अब फिर दिखेगा King Kohli का जलवा, Asia Cup के लिए स्पेशल ट्रेनिंग शुरू
इंग्लैंड दौरे के बाद ब्रेक पर गए पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) एक बार फिर से मैदान पर वापसी के लिए बेकरार है।
नई दिल्ली, 11 अगस्त: इंग्लैंड दौरे के बाद ब्रेक पर गए पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) एक बार फिर से मैदान पर वापसी के लिए बेकरार है। आगामी एशिया कप (Asia Cup) टी20 टूर्नामेंट के लिए किंग कोहली ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इंग्लैंड दौरे के बाद विराट को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज से आराम दिया गया था, इसके बाद जिम्बाब्वे सीरीज के लिए भी उनको रेस्ट दिया गया।
ये भी पढ़ें- 100 बॉल के मैच में पहला शतक... इंग्लैंड के 20 वर्षीय युवा बल्लेबाज ने रचा इतिहास

शुरू हुई कोहली की विराट ट्रेनिंग
हाल ही में विराट कोहली ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनको विकेटों के बीच तेजी से दौड़ते हुए देखा जा सकता है। पूर्व भारतीय कप्तान हमेशा की तरह इस बार भी पूरी तरह से फिट नजर आ रहे हैं और फैंस भी उन्हें जल्द से मैदान पर देखने के लिए उत्साहित है। एशिया कप में विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ कमबैक करेंगे।
Running Into Practice Week 🏃♂️ - Via @imVkohli Instagram Story 👍🏼🔥#ViratKohli pic.twitter.com/jhiJhnZ2oD
— virat_kohli_18_club (@KohliSensation) August 11, 2022

खराब दौर से गुजर रहे हैं कोहली
कोहली पिछले लंबे समय से बहुत ही खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। इंग्लैंड दौरे पर खेले गए 6 मैचों में उन्होंने केवल 76 रन बनाए थे। इसके अलावा नवंबर 2019 के बाद से विराट ने इंटरनेशनल क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में कोई शतक नहीं लगाया है। इस बार तो आईपीएल 2022 में भी वो एक नहीं बल्कि 3-3 बार गोल्डन डक पर आउट हुए थे। कप्तानी छोड़ने के बाद भी उनकी फॉर्म पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।

कई दिग्गज दे चुके हैं लंबे ब्रेक की सलाह
खराब फॉर्म को देखते हुए दुनियाभर के कई दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली को क्रिकेट से लंबे ब्रेक तक की सलाह दे चुके हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने तो यह तक कह दिया था कि कोहली को क्रिकेट से ब्रेक लेकर अपने परिवार के साथ बीच पर जाकर समय बिताना चाहिए।
खैर एशिया कप से फैंस और टीम मैनेजमेंट को अनुभवी खिलाड़ी से दमदार प्रदर्शन की पूरी उम्मीद होगी। इस बात में कोई शक नहीं है कि अगर इस टूर्नामेंट में भी विराट का बल्ला खामोश रहा तो टी20 वर्ल्ड कप की टीम में जगह बनाना उनके लिए बहुत मुश्किल हो जाएगा।

एशिया कप में बोलता है बल्ला
33 वर्षीय विराट कोहली का एशिया कप के टी20 फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने 2016 के टूर्नामेंट में 5 मैचों में 76.50 की लाजवाब औसत और 111 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 153 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी देखने को मिला। श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 47 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाए थे और पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कोहली के बल्ले से 49 रन निकले थे।
2016 के एशिया कप में कोहली टीम के उपकप्तान थे और फाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।

एशिया कप के लिए भारत की टीम
- टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, आवेश खान।
- रिजर्व खिलाड़ी: श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और दीपक चाहर।












Click it and Unblock the Notifications