बड़ा खास रहा विराट कोहली का सफर, 100 टेस्ट तक पहुंचते-पहुंचते खास मुकाम पर एक नजर
नई दिल्ली, 2 मार्च: भारतीय पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 2011 में जबसे बतौर टेस्ट क्रिकेटर डेब्यू किया है तब से लेकर अब तक एक लंबा सफर तय कर लिया है। अब वे 4 मार्च को श्रीलंका के खिलाफ मोहाली के पीसीए स्टेडियम में अपने करियर का 100वां टेस्ट मुकाबला खेलने जा रहे हैं। कोहली ने 99 टेस्ट मैचों में 50.39 की औसत से 7962 रन बनाए हैं। उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में टीम इंडिया की अगुवाई भी की जिसमें 40 मुकाबले जिताने में कामयाब भी हुए। टेस्ट क्रिकेट में शुरुआत के 10 साल में विराट कोहली के जितने शतक किसी भी अन्य क्रिकेटर ने नहीं लगाए। कोहली के लिए साल 2016 सबसे सफल साबित हुआ जब उन्होंने भारत टेस्ट मैचों में 1215 रन ठोक दिए थे।

एडिलेड में 2012 में खेली गई 116 रनों की पारी
यह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर उस दौरे का अंतिम टेस्ट मुकाबला था और विराट कोहली ने पहले दो टेस्ट मैचों में केवल 43 रन ही बनाए थे लेकिन जब वे एडिलेड में खेलने उतरे तो उन्होंने क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में अपना पहला शतक बनाने में भी कामयाबी लड़की की। यह उनके टेस्ट कैरियर की 14वीं पारी थी। कोहली को नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा गया और इस टीम में राहुल द्रविड़, सचिन तेंडुलकर और वीवीएस लक्ष्मण जैसे खिलाड़ी थे। विराट कोहली ने 116 रन बनाए और भारतीय टीम ने पहली पारी में 272 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाबी हासिल की।
मेलबर्न में 2014 में खेली गई 169 रनों की पारी
भारत को 2013-14 के आस्ट्रेलिया दौरे में पहले दो टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा था और फिर तीसरा मुकाबला मेलबर्न में हुआ जहां विराट कोहली ने मिशेल जॉनसन, रेयान हैरिस, जोश हेजलवुड, शेन वाटसन और नेथन लियोन जैसे घातक गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ 169 रनों की पारी खेली। उन्होंने अजिंक्य रहाने के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 262 रनों की साझेदारी की। अजिंक्य ने उस मुकाबले में 147 रनों की पारी खेली थी जिससे भारत मैच टाई करा सका। यह वही टेस्ट मैच था जिसके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था।
साल 2016 में मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ 235 रनों की पारी-
2016 में इंग्लैंड की टीम 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए भारत आई थी। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चल रहा था और विराट कोहली ने दोहरा शतक जड़ा था। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने जेम्स एंडरसन, क्रिस वोक्स, जैक वेल, बेन स्टोक्स, मोईन अली और आदिल रशीद की जमकर धुनाई की थी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 400 रन बनाए थे लेकिन इंडिया ने कोहली के 235 रनों की बदौलत 631 रनों का स्कोर खड़ा किया और एक पारी से मैच को जीतने में कामयाबी हासिल की।

पुणे में 2019 में खेली गई 254 रनों की पारी-
यह दक्षिण अफ्रीका का 2019 में किया गया भारतीय दौरा था और विराट कोहली के लिए काफी अहम था। इस सीरीज में विराट कोहली ने अपने करियर के सबसे बड़े टेस्ट स्कोर को भी पार कर लिया था। पुणे में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 601 रन बनाए जिसमें कोहली ने 254 रन का योगदान दिया था। प्रोटियाज टीम के पास वर्नोन फिलैंडर, कैगिसो रबाडा, एनरिक नोकिया, केशव महाराज जैसे गेंदबाज थे लेकिन वे विराट कोहली को हिला भी नहीं सके क्योंकि पूर्व भारतीय कप्तान ने 33 चौके और दो छक्के अपनी पारी में जड़ दिए थे।

सर्वश्रेष्ठ पांच टेस्ट रिकॉर्ड:
1. कोहली का कप्तान के रूप में 20 टेस्ट शतकों का रिकॉर्ड किसी भी खिलाड़ी के लिए दूसरा सबसे अधिक है। उनसे आगे सिर्फ ग्रीम स्मिथ (25) हैं।
2. अपने पदार्पण के बाद से पूर्व भारतीय कप्तान के 27 शतकों की बराबरी केवल ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने की है। उनके शतक डेविड वार्नर, जो रूट और केन विलियमसन से अधिक हैं।
3. कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने घर में 24 टेस्ट मैच जीते हैं।
4. कोहली के नाम भारतीय कप्तान के रूप में सर्वाधिक टेस्ट जीत का रिकॉर्ड भी है। कोहली की अगुवाई में भारत ने 68 में से 40 मैच जीते।
5. वह ग्रेग चैपल के बाद टेस्ट कप्तानी में पदार्पण पर दो शतक बनाने वाले केवल दूसरे क्रिकेटर बने।












Click it and Unblock the Notifications