'सब को एयरपोर्ट जाने के लिये मिली अच्छी कार मुझे मिली टूटी ओमनी', विराट कोहली ने याद किया पुराना किस्सा

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन की तैयारियां जोरों पर हैं और शनिवार को बेंगलुरू में आयोजित होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी के साथ ही इसका आगाज हो जाना है। दो दिनों तक चलने वाले इस मेगा ऑक्शन में फ्रैंचाइजियां अपनी टीम को तैयार करने की कोशिश में बोली लगाती नजर आयेंगी। इस बीच जहां चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के साथ एमएस धोनी नीलामी का हिस्सा बनते नजर आयेंगे, तो वहीं पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के साथ विराट कोहली भी ऑक्शन में हिस्सा ले सकते हैं। विराट कोहली ने पिछले सीजन ही टीम की कप्तानी को छोड़ने का ऐलान किया था जिसकी वजह से उनकी टीम को एक नये कप्तान की जरूरत है।
इस बीच विराट कोहली ने आरसीबी के पोडकास्ट में बात करते हुए आरसीबी के साथ अपने शुरुआती सीजन को याद किया जब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने उन्हें 20 लाख रुपये में अपने खेमे में शामिल किया था। विराट कोहली ने पहले 3 सीजन तक सिर्फ 20 लाख रुपये की रकम में खेला लेकिन जब दोबारा नीलामी हुई तो उन्हें आरसीबी ने अपने खेमे से जाने नहीं दिया। आरसीबी के साथ विराट कोहली की कई खूबसूरत यादें है लेकिन पोडकास्ट में पूर्व कप्तान ने एक ऐसी बात का खुलासा किया है कि जो उनके शुरुआती दिनों में घटी थी।
और पढ़ें: IND vs WI: तीसरे वनडे में भारत के लिये संकटमोचक बनें श्रेयस अय्यर, मध्यक्रम की परेशानी को किया दूर
विराट कोहली ने इस पोडकास्ट में बताया कि जब वो अंडर 19 टीम के खिलाड़ी थे तो आरसीबी की टीम ने उन्हें अपने खेमे में जोड़ा था। सीजन खत्म होने के बाद जब सभी खिलाड़ियों को टीम की तरफ से एयरपोर्ट पर ड्रॉप किया जा रहा था तो जहां अन्य खिलाड़ियों के लिये शानदार गाड़ियों का इंतजाम किया गया था तो वहीं पर विराट कोहली को एक टूटी फूटी मारुति ओमनी में वापस भेजा गया।
कोहली ने आगे बात करते हुए कहा,'उस वक्त मैं अंडर 19 खेल कर आया था और काफी युवा था जिसकी वजह से मुझे एयरपोर्ट भेजने के लिये ओमनी वैन का इस्तेमाल किया गया। जबकि बाकी खिलाड़ियों के लिये अच्छी कारें तैयार की गई थी, इस दौरान सिर्फ मैं ही बचा था, उन्हें लगा होगा कि बस मुझे कुछ दे दो और एयरपोर्ट छोड़ आओ।'
कोहली ने आगे बात करते हुए बताया कि ऐसा नहीं था कि सिर्फ ओमनी वैन का मॉडल पुराना था बल्कि उसकी हालत भी काफी ज्यादा खराब थी। कोहली ने बताया कि वो वैन के अंदर से सड़क को देख पा रहे थे और वो अपने आखिरी स्टेज पर थी। विराट कोहली ने कहा कि वो इस मेमोरी को कभी भी याद नहीं करना चाहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications