IPL 2024: रिंकू सिंह पर मेहरबान हुए विराट कोहली, मैच के बाद गिफ्ट की अपनी बेशकीमती चीज
IPL 2024: विराट कोहली अपने जूनियर खिलाड़ियों के साथ अच्छे बर्ताव के लिए जाने जाते हैं। आईपीएल में वह बल्ले से रन बनाने के अलावा दिल जीतने का काम भी कर रहे हैं। केकेआर के खिलाफ मुकाबले में आरसीबी को हार का सामना करना पड़ा लेकिन कोहली के बल्ले से रनों की बारिश हुई।
केकेआर के खिलाफ आरसीबी को हार जरुर मिली लेकिन रिंकू सिंह के बल्ले-बल्ले हो गए। विराट कोहली की तरफ से रिंकू सिंह को ऐसा गिफ्ट मिला है, जिसे वह जीवन में हमेशा याद रखना चाहेंगे। कोहली ने अपनी पसंदीदा चीज रिंकू को गिफ्ट कर दी।

आरसीबी की तरफ से ड्रेसिंग रूम का एक वीडियो शेयर किया गया है, इसमें कोहली ने रिंकू सिंह को अपना बल्ला गिफ्ट कर दिया। रिंकू सिंह इसे पाने के बाद काफी खुश दिखाई दे रहे हैं और कोहली को गले भी लगाया है। फैन्स को कोहली का यह बर्ताव काफी पसंद आया है।
भारतीय टीम और केकेआर के लिए एक फिनिशर के रूप में सामने आने के बाद तारीफ के रूप में कोहली ने रिंकू सिंह को यह बल्ला गिफ्ट किया है। वीडियो में यह भी सामने आया है कि आरसीबी और केकेआर के खिलाड़ी एक-दूसरे के साथ बातचीत कर रहे हैं।
इससे पहले मैदान पर एक और सुखद घटना देखने को मिली थी। एक-दूसरे के विरोधी माने जाने वाले विराट कोहली और गौतम गंभीर ने हाथ मिलाया और गले भी लगे। दोनों के बीच हँसते हुए बातचीत भी देखने को मिली। मैच का बेस्ट पल इसे माना जा रहा है।
केकेआर की टीम ने आरसीबी को 17वें ओवर में ही हरा दिया था। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 182 रनों का स्कोर हासिल किया। जवाबी पारी में खेलते हुए केकेआर ने 3 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाकर इस मैच में धांसू जीत दर्ज कर ली। जीत के साथ केकेआर ने तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications