IND vs ENG: बल्लेबाजी में फ्लॉप रहे कोहली ने अपने डांस स्टेप से किया दर्शकों का मनोरंजन, वीडियो हुआ वायरल
बर्मिंघम, जुलाई 10। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में अपने प्रदर्शन से फैंस का दिल एकबार फिर तोड़ दिया। विराट कोहली इस मुकाबले में सिर्फ 3 गेंदों का सामना करके 1 रन बनाकर आउट हो गए। भले ही विराट ने अपने प्रदर्शन से फैंस का दिल ना जीता हो, लेकिन मैच के दौरान उन्होंने अपने डांस मूव से जरूर स्टेडियम में मौजूद फैंस का दिल जीत लिया। दरअसल, विराट जब बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे थे उन्होंने ना सिर्फ दर्शकों से बात की बल्कि उनके साथ डांस भी किया।

विराट का डांस करते हुए का वीडियो आया सामने
सोशल मीडिया पर विराट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। ट्विटर पर मोहित शुक्ला नाम के एक शख्स ने विराट का यह वीडियो डाला है। इस वीडियो में विराट बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग करते वक्त फैंस के साथ डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। विराट ने इस दौरान काफी देर तक फैंस के साथ डांस किया और बातचीत भी की। आपको बता दें कि अक्सर विराट कोहली ग्राउंड पर डांस करते हुए नजर आते हैं। वो ग्राउंड में मौजूद दर्शकों का खूब मनोरंजन करते हैं।

बैटिंग में फैंस की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे थे कोहली
आपको बता दें कि 33 साल के विराट कोहली ने कल करीब 5 महीने बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की थी। ऐसे में उन पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव था, क्योंकि विराट लंबे समय से फॉर्म में नहीं हैं। आईपीएल के पूरे सीजन में विराट का बल्ला शांत रहा था। फैंस को उम्मीद थी कि विराट कल के मैच में जरूर रन बनाएंगे, लेकिन एक खराब शॉट खेलते हुए विराट कोहली ने अपना विकेट गंवा दिया था।

भारत ने सीरीज में 2-0 से बनाई अजय बढ़त
दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर फेल होने के बाद भी भारत ने मैच में वापसी की और पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को 171 रनों का लक्ष्य दे दिया था। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने सबसे अधिक 46 रन बनाए थे। बाद में भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाज ज्यादा टिक नहीं पाए और भारत ने 49 रन से मैच जीत लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त हासिल कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications