'मुझे नहीं लगता कि कोहली खराब फाॅर्म में गुजर रहे हैं, उससे हम खुश हैं'
नई दिल्ली। स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली 2019 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय शतक नहीं लगा पाए हैं। विंडीज के खिलाफ हुई तीन वनडे मैचों की सीरीज में भी कोहली सस्ते में आउट होते थे। पहले मैच में 18 तो दूसरे में 8 रन बनाए, जबकि तीसरे मैच में खाता भी नहीं खोल सके। पूरे क्रिकेट जगत को उनके 71वें अंतरराष्ट्रीय शतक का इंतजार है। कोहली की फाॅर्म पर अब सवाल भी उठाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि वे अब कप्तान नहीं हैं तो टीम से बाहर भी हो सकते हैं। इस बीच भारत के मौजूदा बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कोहली खराब दौर से गुजर रहे हैं और इस मामले पर कोई बातचीत नहीं हुई है।

राठाैर ने कहा, "अभी तक कोहली के साथ कोई खास बातचीत नहीं हुई है। मुझे खुद ऐसा नहीं लगता कि कोहली कम से कम इस प्रारूप में टी20आई और वनडे में खराब दौर से गुजर रहे हैं, उन्होंने हमारे लिए पिछले समय में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं समझता हूं कि विंडीज के खिलाफ उनकी सीरीज खराब रही, लेकिन फिर भी इस तरह की कोई बातचीत नहीं हुई। वह नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। हम जिस तरह की तैयारी कर रहे हैं उससे हम खुश हैं। ऐसे में उनसे उनके प्रदर्शन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। मुझे भरोसा है कि आने वाली सीरीज की एक पारी में वह अच्छी बल्लेबाजी करते नजर आएंगे।''
यह भी पढ़ें- सामने आया CSK का बयान, इस कारण नीलामी में रैना को नहीं खरीद पाए
भारतीय टीम 3-0 से वनडे सीरीज जीतने के बाद अब विंडीज के ही टी20 सीरीज का इंतजार कर रही है जो 16 फरवरी बुधवार से शुरू हो रही है। कोहली के बारे में राय देने के अलावा राठौर ने इस बारे में भी बात की कि टीम इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व टी20 से पहले की तैयारियों को लेकर किस तरह से तैयार है। भारत इस बार अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगा क्योंकि उसे पिछले साल टी20 विश्व कप में शर्मनाक हार से ग्रुप-स्टेज में ही बाहर होना पड़ा था। राठाैर ने कहा, "हम ऑस्ट्रेलिया में टी 20 विश्व कप की ओर देख रहे हैं, हमारी टीम में कई खिलाड़ी उपलब्ध हैं। यह कहना मुश्किल है कि सभी की भूमिका क्या होगी, लेकिन अभी तक जो है वो है विश्व कप पर ध्यान देना। हमने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। हमारे पास जिस तरह की बल्लेबाजी है, उसे देख मुझे नहीं लगता कि कोई समस्या है।"












Click it and Unblock the Notifications