फवाद आलम ने अपने संन्यास की खबर को बताया अफवाह, पाकिस्तान क्रिकेट को लेकर दिया ये बड़ा बयान
पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज फवाद आलम ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने की खबरों को खारिज कर दिया है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने स्पष्ट कर दिया कि फिलहाल क्रिकेट से संन्यास लेने का उनका कोई इरादा नहीं है, और वह अभी पाकिस्तान के लिए खेलना चाहते हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट में बताया गया कि आलम ने संयुक्त राज्य अमेरिका में अवसर तलाशने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट छोड़ दिया था। रिपोर्ट में बताया गया कि, वह माइनर लीग क्रिकेट टी20 में शिकागो किंग्समेन के लिए एक स्थानीय खिलाड़ी के रूप में खेलते नजर आएंगे, जहां वह पहले से मौजूद पाकिस्तान के खिलाड़ी सामी असलम और मोहम्मद मोहसिन के साथ शामिल होंगे।

फवाद आलम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, 'मैं अब तक किसी निर्णय पर नहीं पहुंचा हूं। मैंने न तो पाकिस्तान क्रिकेट से नाता तोड़ा है और न ही संन्यास का विकल्प चुना है। मैं घरेलू क्रिकेट में भाग लेने के लिए प्रतिबद्ध हूं, जिसका लक्ष्य आने वाले एक से दो वर्षों तक अपनी भागीदारी बढ़ाना है, मैं चहता हूं कि मेरी यह यात्रा और लंबी हो।
दरअसल, 36 वर्षीय खिलाड़ी ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 201 मैचों में 55.65 के औसत से 14,526 रन बनाए हैं, जिसमें 43 शतक और सर्वश्रेष्ठ 296* रन हैं। इस अनुभवी खिलाड़ी ने 2009 में अपने पहले टेस्ट मैच में शतक बनाया था।
कराची में जन्मे क्रिकेटर ने न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज में शतक बनाए। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक घरेलू शतक भी था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद आलम का करियर गिरावट की ओर शुरू हुआ, क्योंकि वह लगातार चार पारियों में केवल 33 रन ही बना सके। पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 24 और 1 के स्कोर के बाद बाएं हाथ के खिलाड़ी को बाहर कर दिया गया था।
सऊद शकील और सलमान आगा जैसे खिलाड़ियों के इस प्रारूप में अपनी छाप छोड़ने के साथ, आलम की टेस्ट टीम में वापसी की राह और भी कठिन हो गई है। टेस्ट क्रिकेट में फवाद के नाम 19 टेस्ट में 38.88 की औसत से 1,011 रन हैं।












Click it and Unblock the Notifications