श्रेयस अय्यर की बढ़ी टेंशन, धांसू खिलाड़ी अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से बाहर
अफगानिस्तान सीरीज के बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। जिस खिलाड़ी ने पहले टी20 में गेंद से कमाल दिखाकर वापसी का दम दिखाया था, वही अब अगले दो मैचों में टीम के साथ नजर नहीं आएगा। एक ही मैच में फिटनेस खत्म हो गई।
टीम इंडिया के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती अफगानिस्तान के खिलाफ बाकी बची टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। सबसे चिंता वाली बात यह है कि वरुण ने करीब दो महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी और वापसी के तुरंत बाद ही एक बार फिर चोट ने उनका रास्ता रोक दिया। एशियन गेम्स को लेकर अभी स्थिति साफ़ नहीं हुई है।

वापसी की खुशी ज्यादा दिन नहीं चली
दिल्ली में खेले गए पहले टी20 में वरुण ने अपनी गेंदबाजी से एक बार फिर वही असर दिखाया, जिसके लिए उन्हें टीम इंडिया का खास हथियार माना जाता है। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 16 रन देकर एक विकेट लिया। उनकी शानदार गेंद पर दरविश रसूली के स्टंप बिखर गए।
भारत ने यह मुकाबला सात विकेट से जीता, मैच खत्म होने के बाद वरुण की परेशानी ने टीम की खुशी को कुछ हद तक फीका कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें साइड स्ट्रेन हुआ है और जांच के बाद उन्हें सीरीज से बाहर कर दिया गया। MRI से उनकी चोट के बारे में पता चला है।
पहले हैमस्ट्रिंग ने रोका था रास्ता
यह वरुण की इस साल की पहली चोट नहीं है। जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 के दौरान उन्हें बाएं हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई थी। स्कैन में ग्रेड 2 हैमस्ट्रिंग चोट सामने आने के बाद उन्हें रिहैब के लिए भेजा गया था।
इसके बाद वह करीब दो महीने तक मैदान से दूर रहे। बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के बाद उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास किया और अफगानिस्तान सीरीज के लिए वापसी की। सिर्फ एक मैच के बाद फिर चोटिल होना टीम मैनेजमेंट के लिए निश्चित तौर पर चिंता की बात है। इससे अब एक बार फिर बीसीसीआई के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस के काम पर सवाल खड़ा होगा।


Click it and Unblock the Notifications
